गोड्डा : नाबालिग के साथ दुष्कर्म कर वीडियो वायरल करने के आरोपित को 20 साल की सजा सुनाई गई है। हनवारा थाना में दर्ज मामले में 11 माह बाद कोर्ट का फैसला आया है। इसमें आरोपित बिहार के सीतामढ़ी जिले के ननकारा विशंभरपुर का निवासी मो शहाबुद्दीन को विशेष न्यायाधीश पोक्सो सह जिला जज प्रथम पवन कुमार के न्यायालय ने मंगलवार को सजा सुनाई। नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने और दुष्कर्म का वीडिओ बनाकर उसे वायरल करने के आरोपित मो शहाबुद्दिन अंसारी को दोषी पाकर पोक्सो एक्ट में 20 वर्ष सश्रम कारावास एवं 1,50,000 रुपये जुर्माना भरने की सजा सुनाई गई।
जुर्माना की राशि अदा नहीं करने पर एक वर्ष अतिरिक्त कारावास की सजा से दंडित किया गया। जबकि अपराध से जुड़े वीडियो का इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने पर पोक्सो एक्ट की दूसरी धारा में तीन वर्ष कारावास एवं 10,000 रुपये जुर्माना भरने की सजा सुनाई गई। जुर्माना की राशि अदा नहीं करने पर तीन माह अतिरिक्त कारावास से दंडित किया गया। आइटी एक्ट में दो वर्ष की सजा सुनाई गई। सभी सजा साथ- साथ चलेगी। मामले को लेकर न्यायालय के समक्ष अभियोजन की ओर से आठ गवाहों का परीक्षण कराया गया। दोनों पक्षों की दलील सुनने के उपरांत न्यायालय ने सुजा सुनाई। जुर्माना की राशि पीड़िता के पुनर्वास के लिए भुगतान करने आदेश कोर्ट ने दिया है। वहीं पीड़िता के लिए मुआवजा के तौर पर आर्थिक सहायता के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार को कोर्ट ने आदेश दिया है। निर्णय की एक प्रति विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव को दी गई है।





