रामगढ़ । थाना क्षेत्र के भातुडिया बी पंचायत के सारमी गांव में 17 वर्षीय नाबालिक किशोरी ने बुधवार देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर लेने की बात बताई जा रही है । मृतका सारमी ग्राम निवासी पुतुल पंडा की पुत्री नीतू कुमारी है। बुधवार को सारमी गांव में दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन एवं मेला था। कुछ महीने पूर्व ही मृतका की मां का निधन लंबी बीमारी से हो गया था। तभी से किशोरी काफी परेशान रहती थी। परिजनों एवं पड़ोसियों के अनुसार बुधवार की रात में मेले के बाद नीतु अपने कमरे में जाकर सो गई थी। गुरुवार को सुबह जब काफी देर तक उसके कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों की मदद से परिजनों ने कमरे का दरवाजा तोड़ दिया। कमरे में नीतू का शरीर फंदे के सहारे छप्पर से लटका हुआ था। फंदे के सहारे शरीर को लटकता देख परिजनों ने रामगढ़ थाना में सूचना दी। इसके बाद एएसआई राम लखन पाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा शव को फंदे से उतार कर पोस्टमार्टम के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल दुमका भेजा। मृतका नीतु के पिता तथा बड़ी बहन के अनुसार मां की मौत के बाद से ही नीतू परेशान रहती थी। साथ ही परिवार में आर्थिक परेशानी भी थी। इस वजह से पहले भी उसने कई बार आत्महत्या का प्रयास किया था। पोस्टमार्टम के बाद मृतका का शव पुलिस ने अंतिम संस्कार के लिए उसके परिजनों को सौंप दिया है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


