रांची । झारखंड में छठ पूजा के दौरान विभिन्न जलाशयों में डूबने की दुखद घटनाओं का सिलसिला थम नहीं रहा है। सोमवार व मंगलवार 16 लोगों की डूबकर मौत हो गई । पुलिस सूत्रों के अनुसार, इनमें से अधिकांश मौतें छठ व्रत के दौरान अर्घ्य देने या नहाने के समय हुईं। इसके अलावा, सोमवार को ही एक नाबालिग लड़का और दो पुरुष जलाशयों में लापता हो गए, जिनकी तलाश जारी है।पुलिस के मुताबिक हजारीबाग, गढ़वा और सिमडेगा जिलों में पांच बच्चों की मौत हुई। इससे पहले रविवार को सिमडेगा और पलामू जिलों में छह अन्य लोगों की जान डूबने से गई थी। हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र अंतर्गत बेला गांव में रविवार शाम छठ पूजा के दौरान एक तालाब में दो लड़कियां गुनगुन कुमारी (11 वर्ष) और रूपा तिवारी (12 वर्ष) डूब गईं। स्थानीय लोगों ने दोनों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचते-पहुंचते उनकी मौत हो चुकी थी। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जिला के कटकमसांडी थाना क्षेत्र के झरदाग गांव में तालाब में डूबने से एक ही परिवार के चार लड़कियों की मौत मंगलवार को हो गई। घटना के बारे में बताया गया है कि घर मे छठ हुआ था। पूजा के समापन के बाद तालाब में सफाई के लिए सभी बच्चियां गई थी। सभी बच्चियां पैर फिसलने के गहरे पानी डूब गईं। गढ़वा जिले के सदर थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर दानरो नदी में नहाते समय 13 वर्षीय राहुल कुमार की डूबने से मौत हो गई। सिमडेगा जिले के बानो थाना क्षेत्र के मयंगसोर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई, जहां ढाई साल की एक मासूम बच्ची घर में पानी से भरी बाल्टी में डूब गई। सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में सोमवार शाम छठ पूजा के अर्घ्य देने के बाद सुवर्णरेखा नदी के साहेरबेरा घाट के पास एक और दर्दनाक हादसा हुआ। 14 वर्षीय आर्यन यादव नदी की नदी में डूबने से मौत हो गयी । पलामू जिले में सोमवार को ही एक और नाबालिग लापता हो गया। हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के विष्णुपुर गांव में चौरा पुल के पास 16 वर्षीय लड़का नहर में कूद गया और उसका कोई पता नहीं चला। पुलिस और स्थानीय लोग तलाश में जुटे हैं। रविवार को सिमडेगा में तीन बच्चे तालाब में डूबकर मारे गए थे, जबकि पलामू में भी तीन अन्य लोगों की मौत इसी तरह हुई थी। राजधानी रांची में छठ पर्व के मौके पर मंगलवार की सुबह को एक दर्दनाक हादसा हो गया। न्यू मधुकम स्थित छठ तालाब में एक बालक की मौत हो गयी ।




