गोपीकांदर। सीएसपी संचालक द्वारा बगैर जानकारी दिए हुए ही लाभुक के खाते से 10 हजार रुपये निकासी का मामला सामने आया है। अवैध तरीके से पैसे की निकासी की जानकारी होते ही लाभुक जगरनाथ हेम्ब्रम और उनके स्वजन सीएसपी पहुँचकर मामले की जानकारी लेने का प्रयास किया लेकिन मामला बढ़ गया और फिर सीएसपी संचालक संतोष ठाकुर से मारपीट की। खाताधारी जगरनाथ ने बताया कि वह सुबह 10 बजे संतोष के पास पांच हजार पैसे निकासी करने आया था। संतोष ने तीन बार अंगूठा लगाया और पांच हजार थमा दिया। तीन बार अंगूठा लगाने से जगरनाथ को शक हुआ और वह गुम्मामोड़ में संचालित सीएसपी में जाकर खाता को जांच कराया, जिसमे कुल 15 हजार की निकासी की जानकारी मिली। वह अपने घर पहुंचकर मामले की जानकारी परिजनों को दिया। सीएसपी संचालक संतोष ठाकुर ने बताया कि वह लिंक फेल रहने के कारण ऐसा हुआ है। उन्होंने बताया की तीन बार अंगूठा लगाया गया था। उन्हें शाम में तीन बार निकासी की जानकारी हुई। आपको बता दें कि सिलंगी मोड़ में संचालित सीएसपी को ओडमो पंचायत में संचालित करने का नियम है। उन्हें कुश्चिरा एसबीआई से ओडमो पंचायत में संचालित करने का आदेश प्राप्त है। संचालक संतोष ठाकुर सभी नियमों को ताख पर रखकर सीएसपी को कुश्चिरा पंचायत में चला रहा था। खबर लिखे जाने तक खाताधारक जगरनाथ हेम्ब्रम को अवैध तरीके से निकासी किये गए पैसे वापस नहीं किया गया था।






