पूर्वी सिंहभूम । सोनारी थाना क्षेत्र के दुमुहानी के समीप मरीन ड्राइव पर मंगलवार देर रात एलपीजी गैस से भरे टैंकर में अचानक रिसाव होने से अफरा-तफरी मच गई। टैंकर में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील गैस मौजूद होने के कारण स्थिति बेहद संवेदनशील हो गई थी। हालांकि, चालक की तत्परता और पुलिस तथा तकनीकी टीम की त्वरित कार्रवाई से संभावित बड़ा हादसा टल गया।
बताया गया कि टैंकर दुमुहानी मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान चालक को वाहन से गैस रिसने का पता चला। खतरे को भांपते हुए उसने तुरंत टैंकर को सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर खड़ा किया और गैस कंपनी के अधिकारियों के साथ सोनारी थाना पुलिस को इसकी सूचना दी।
गैस रिसाव की सूचना मिलते ही सोनारी थाना प्रभारी मधुसूदन डे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और एहतियातन घटनास्थल के आसपास सुरक्षा घेरा बना दिया। किसी भी तरह की चिंगारी से गैस में आग लगने की आशंका को देखते हुए मरीन ड्राइव पर दोनों तरफ से वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। आसपास मौजूद लोगों और वाहनों को भी सुरक्षित दूरी पर रहने को कहा गया।
इसी बीच गैस कंपनी के अधिकारी और तकनीकी विशेषज्ञ के अलावा टाटा स्टील के फायर ब्रिगेड टीम भी मौके पर पहुंचे। टीम ने सुरक्षा मानकों के तहत टैंकर की जांच की और रिसाव के स्थान को चिन्हित कर उसे ठीक करने की कार्रवाई शुरू की। काफी प्रयास के बाद गैस रिसाव को नियंत्रित कर दिया गया।


