8 वर्षीय संदीप ठाकुर हत्याकांड का पांच दिन बाद खुलासा
दोस्त सन्नी गंझू हिरासत में; पूछताछ में हत्या की बात कबूली
हजारीबाग । जिले के कोले गांव में दोस्ती का रिश्ता कथित वर्चस्व की लड़ाई में दुश्मनी में बदल गया। 18 वर्षीय संदीप ठाकुर उर्फ पापुन की गोली मारकर हत्या करने और शव दामोदर नदी में फेंकने के मामले का पुलिस ने पांच दिन बाद खुलासा किया है। पुलिस ने मृतक के दोस्त और गांव निवासी सन्नी गंझू को शक के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त को सन्नी गंझू संदीप को उसके घर से बुलाकर लोहरतरी पुल के पास ले गया था। वहां कथित तौर पर गोली मारने के बाद संदीप के शव को दामोदर नदी में फेंक दिया गया। संदीप के परिजनों ने 29 अगस्त को उसके लापता होने की सूचना थाने में दी थी। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने दामोदर नदी में संदीप की तलाश शुरू की। रविवार को रामगढ़ क्षेत्र में नदी से उसका शव बरामद किया गया। थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडे ने शव बरामद होने की पुष्टि की है। आरोपी सन्नी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इसी दौरान संदीप की तलाश में पुलिस को नदी किनारे सिकमतांड के आसपास एक अज्ञात शव भी मिला था। संदीप के परिजनों ने इस शव की पहचान संदीप के रूप में नहीं की। पुलिस ने आसपास के थानों को सूचना देने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने कंधे पर ढोया अज्ञात शव
अज्ञात शव को सड़क तक पहुंचाने के दौरान पुलिस का मानवीय चेहरा भी सामने आया। थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडे ने स्वयं शव को आवश्यक सामग्री से पैक कर करीब साढ़े तीन किलोमीटर तक कंधे पर ढोया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस अब हत्या के पीछे वर्चस्व की लड़ाई समेत अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है और मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।


