दुमका (मसलिया)। दुमका मयूराक्षी नदी पर स्थित प्रसिद्ध सेल्फी ब्रिज से एक महिला द्वारा नदी में छलांग लगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गनीमत रही कि नदी में मौजूद स्थानीय मछुआरों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को डूबने से बचा लिया। मछुआरों के साहसिक प्रयास की आसपास के लोगों ने सराहना की। मिली जानकारी के अनुसार महिला की पहचान जामा थाना क्षेत्र के चिकनिया पंचायत अंतर्गत भैरवपुर गांव निवासी रागिनी भंडारी उम्र 30 साल पति महेश भंडारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला गर्भवती है। घटना के बाद कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। महिला के पति महेश भंडारी ने बताया कि रविवार को उनकी पत्नी बाइक से गिरकर घायल हो गई थी। इसके बाद वह और महिला के पिता उसे इलाज के लिए चिकित्सक के पास लेकर आए थे। इसी दौरान महिला वहां से निकलकर मयूराक्षी नदी स्थित सेल्फी ब्रिज पहुंच गई। बाद में उसने ब्रिज से नदी में छलांग लगा दी। घटना की जानकारी परिजनों को सोशल मीडिया के माध्यम से मिली। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। इधर, नदी में मौजूद मछुआरों ने महिला को पानी में डूबता देख तत्काल उसे बाहर निकाला और उसकी जान बचाई। महिला को सुरक्षित पाए जाने के बाद परिजन उसे अपने साथ घर लेकर चले गए।
हालांकि महिला ने किस कारण से यह कदम उठाया, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है। घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक रूप से कोई जानकारी नहीं दी गई है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


