●1.37 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के आरोप-प्रत्यारोप के बीच एक नई फॉर्च्यूनर कार को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो
● डॉ. अंजुला मुर्मू और आरोपी विनोद सिंह के कार की चाबी सौंपते और जश्न मनाते वीडियो से उठे कई गंभीर सवाल
● कंपनी द्वारा कार की ईएमआई भरने के दावों और अचानक गायब होने से उलझी मामले की गुत्थी, पुलिस जांच का इंतजार
ब्यूरो
दुमका। रीयल वर्ल्ड एसेट्स की बकरी पालन योजना में हुए 1.37 करोड़ रुपये के कथित घोटाले में अब एक नया और दिलचस्प मोड़ आ गया है। इस पूरे विवाद के केंद्र में अब एक चमचमाती फॉर्च्यूनर कार आ गई है, जिसने पुलिस और स्थानीय लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
यह मामला तब सुर्खियों में आया था जब सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अंजुला मुर्मू ने विनोद सिंह सहित सात लोगों पर धोखाधड़ी की नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके कुछ ही दिनों बाद सुष्मिता सोरेन ने भी डॉ. अंजुला समेत दस लोगों पर जवाबी केस कर दिया। लेकिन इन कानूनी उलझनों के बीच सोशल मीडिया पर वायरल हुए कुछ वीडियो ने एक नई बहस छेड़ दी है।
वायरल वीडियो में आरोपी विनोद सिंह, डॉ. अंजुला मुर्मू को नई फॉर्च्यूनर कार की चाबी सौंपते नजर आ रहे हैं। वीडियो में दोनों केक काटकर जश्न मनाते और शोरूम से कार बाहर निकालते हुए भी दिख रहे हैं। कार मिलने की खुशी में एक होटल में शानदार पार्टी आयोजित किए जाने और डॉ. अंजुला का माला पहनाकर स्वागत किए जाने की भी तस्वीरें सामने आई हैं।
हालांकि, डॉ. अंजुला मुर्मू और उनके पति आर्थिक रूप से संपन्न हैं, इसलिए उनके लिए कार खरीदना कोई असामान्य बात नहीं है। लेकिन इस पूरे विवाद में कंपनी और कार के कनेक्शन ने मामले को उलझा दिया है। दावों के अनुसार, डॉ. अंजुला ने कार का डाउन पेमेंट किया था और आरडब्ल्यूए कंपनी ने मासिक ईएमआई भरने का वादा किया था। चर्चा है कि कंपनी ने दो महीने तक ईएमआई का भुगतान भी किया, लेकिन 13 अगस्त को यह कंपनी अचानक गायब हो गई।
डॉ. अंजुला ने ऑफ द रिकॉर्ड इसे अपनी छवि खराब करने की साजिश बताया है और फिलहाल कैमरे के सामने चुप्पी साधे हुए हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या यह कार कोई इनाम थी या निजी खरीद? कार असल में किसके नाम पर है और ईएमआई भुगतान का स्रोत क्या था? फिलहाल इन सभी सवालों के जवाब पुलिस की गहन जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे, लेकिन तब तक दुमका में यह फॉर्च्यूनर कार चर्चा का सबसे बड़ा विषय बनी हुई है।


