नई दिल्ली । वरिष्ठ आईएएस अधिकारी टीवी सोमनाथन को शनिवार को राजीव गौबा की जगह कैबिनेट सचिव नियुक्त किया गया। तमिलनाडु कैडर के 1987-बैच के आईएएस अधिकारी सोमनाथन अब तक केंद्रीय वित्त सचिव और सचिव व्यय के रूप में कार्यरत थे। कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने 30।08।2024 से दो साल के कार्यकाल के लिए कैबिनेट सचिव के रूप में टीवी सोमनाथन की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। एक आधिकारिक आदेश में कहा गया, कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने टीवी सोमनाथन को कैबिनेट सचिव के रूप में कार्यभार संभालने तक कैबिनेट सचिवालय में ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी के रूप में नियुक्ति की भी मंजूरी दी है।
इसी के साथ 1982 बैच के झारखंड कैडर के अधिकारी राजीव गौबा भारत के सबसे लंबे समय तक कैबिनेट सचिव रहने वाले अधिकारी बन गए हैं। उन्होंने अपने पूर्ववर्ती पीके सिन्हा का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जो चार साल से कुछ अधिक समय तक पद पर रहे थे। गौबा से पदभार ग्रहण करने की दौड़ में टीवी सोमनाथन के अलावा दो और अधिकारी भी थे। मगर बाजी उन्होंने मार ली।
टीवी सोमनाथन के अलावा गुजरात के मुख्य सचिव राज कुमार और जल शक्ति सचिव विनी महाजन कैबिनेट सचिव की रेस में सबसे आगे थीं।
कैबिनेट सचिव बनने से पहले तमिलनाडु कैडर के 1987 बैच के आईएएस अधिकारी टीवी सोमनाथन को अप्रैल 2021 में पीएम के नेतृत्व वाली नियुक्ति समिति द्वारा वित्त सचिव नियुक्त किया गया था। टीवी सोमनाथन का लंबा कार्यकाल विश्व बैंक में था। टीवी के वित्तीय कौशल का इतना सम्मान था कि विश्व बैंक के तत्कालीन चीफ ने तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से उन्हें निर्धारित समय से आगे विश्व बैंक में काम करने देने का अनुरोध किया था। मनमोहन सिंह ने उस अनुरोध स्वीकार कर लिया था। वहीं पीएम मोदी अपने तीसरे कार्यकाल में अर्थव्यवस्था और रोजगार सृजन को टॉप फोकस पर रखे हुए हैं। यही मुख्य कारण हो सकता है कि प्रधानमंत्री मोदी ने मौजूदा वित्त सचिव को कैबिनेट सचिव बनाने का फैसला किया हो।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


