गोड्डा : जिले के पथरगामा थाना क्षेत्र के चिलकारा हरिजन टोला में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान कुंदन कुमार दास के रूप में हुई है। मृतक की पत्नी नेहा कुमारी ने बताया कि कुंदन शराब पीकर अक्सर उनके साथ मारपीट करता था। दोनों की शादी वर्ष 2024 में लंगड़ाडीह में हुई थी और नेहा के अनुसार, यह सिलसिला शादी के शुरुआती दिनों से ही चल रहा था। नेहा अपनी खराब तबीयत के कारण ससुराल लंगड़ाडीह से मायके चिलकारा के हरिजन टोला आई हुई थीं। कुंदन भी उनके साथ वहीं मौजूद था। पत्नी के मुताबिक, आज सुबह भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था, जिसके बाद कुंदन घर से चला गया।
काफी देर तक वापस न लौटने पर नेहा उसे ढूंढने निकलीं। तलाश के दौरान उन्होंने कुंदन को एक पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका हुआ पाया। घटना की सूचना पथरगामा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पथरगामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा सदर अस्पताल भेज दिया। पथरगामा थाना प्रभारी कृष्णा साहा ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है। प्रारंभिक सूचना के अनुसार, पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में और स्पष्टता आ पाएगी।


