जामताड़ा। जिले में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ खनन विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर विभागीय टीम ने खनिज लदे चार ट्रैक्टरों को जब्त किया है। इनमें दो वाहन पत्थर के चिप्स और दो बालू की ढुलाई कर रहे थे।

माइनिंग इंस्पेक्टर अजीत कुमार चौधरी के नेतृत्व में कर्माटांड़ थाना क्षेत्र में जांच के दौरान तीन ट्रैक्टर पकड़े गए। इनमें दो चिप्स और एक बालू लदा था। वहीं, बिंदापाथर थाना क्षेत्र से भी बालू लदे एक ट्रैक्टर को दबोचा गया। जांच के दौरान चालक खनिज परिवहन से संबंधित वैध चालान और जरूरी दस्तावेज नहीं दिखा सके।
इसके बाद चारों वाहनों को जब्त कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। अजीत कुमार चौधरी ने बताया कि उपायुक्त के निर्देश एवं जिला खनन पदाधिकारी के आदेश पर अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि अवैध उत्खनन और परिवहन के विरुद्ध लगातार छापेमारी होगी। बिना वैध चालान खनिज ढुलाई करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



