महामना परिवार की ऑनलाइन बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय, जिला समन्वयकों को 5 दिसंबर तक सदस्यों की सूची देने की जिम्मेदारी
रांची । महामना परिवार झारखंड की ओर से आयोजित ऑनलाइन (जूम) बैठक संरक्षक के.के. गुप्ता की अध्यक्षता में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक में झारखंड के विभिन्न जिलों से महामना परिवार के सदस्य एवं जिला समन्वयक शामिल हुए। बैठक में विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 25 दिसंबर 2026 को रांची में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की जयंती समारोह भव्य एवं गरिमामय तरीके से आयोजित किया जाएगा।
समारोह का आयोजन रवींद्रनाथ टैगोर सभागार, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय, रांची में होगा। कार्यक्रम की सफलता के लिए परिवार के सभी सदस्यों की सक्रिय सहभागिता एवं सामूहिक सहयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में सभी जिला समन्वयकों से अपने-अपने जिले में सदस्यों के बीच समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक लोगों की समारोह में भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया। साथ ही 5 दिसंबर 2026 तक अपने जिले से समारोह में शामिल होने वाले सदस्यों की सूची मिथिलेश कुमार को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया, ताकि आवास, भोजन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित ढंग से की जा सकें। महामना परिवार के संयोजक डॉ. विमलेन्दु कुमार त्रिपाठी ने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से महामना पंडित मदन मोहन मालवीय के आदर्शों, विचारों और राष्ट्रनिर्माण के संकल्प को आत्मसात करते हुए इस आयोजन को ऐतिहासिक गरिमा प्रदान की जाएगी।




