नई दिल्ली। यदि आप अपने घर के लिए नए घरेलू उपकरण खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो आपको ज्यादा खर्च करना पड़ सकता है। प्रमुख घरेलू उपकरण निर्माता कंपनी व्हर्लपूल ने अपने सभी उत्पादों की कीमतों में 5 फीसदी की बढ़ोतरी की घोषणा की है, जो 1 नवंबर, 2026 से लागू हो चुकी हैं। कंपनी ने इस वृद्धि के पीछे कई प्रमुख कारण बताए हैं। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में भू-राजनीतिक तनाव के चलते कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है, जिसने कच्चे माल की लागत बढ़ा दी है। इसके अलावा, कमोडिटी की महंगाई, भारतीय रुपए की कीमत में गिरावट और बढ़ती उत्पादन लागत ने भी कंपनी के मार्जिन पर दबाव डाला है।
व्हर्लपूल ने बताया कि रेफ्रिजरेटर और एयर कंडीशनर से जुड़े नए ऊर्जा नियमों के कारण भी खर्च में वृद्धि हुई है, साथ ही लक्जरी प्रोडक्ट रेंज की लॉन्चिंग पर किए गए निवेश का असर भी कीमतों पर पड़ा है। इस बढ़ोतरी का मतलब है व्हर्लपूल के फ्रिज, एयर कंडीशनर, वॉशिंग मशीन और अन्य घरेलू उपकरण खरीदने के लिए ग्राहकों को अब पहले की तुलना में ज्यादा पैसे चुकाने होंगे। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है, जब दिवाली जैसे बड़े त्योहारों के दौरान घरेलू उपकरणों की खरीदारी बढ़ने की उम्मीद रहती है, जिससे उपभोक्ताओं के बजट पर सीधा असर पड़ेगा। यह केवल व्हर्लपूल तक ही सीमित नहीं है।
विशेषज्ञों के मुताबिक यह एक व्यापक उद्योग प्रवृत्ति का हिस्सा है। व्हर्लपूल से पहले, अक्टूबर में कई अन्य इलेक्ट्रॉनिक्स और घरेलू उपकरण निर्माता कंपनियों ने भी अपने उत्पादों की कीमतें बढ़ाई थीं। इन कंपनियों ने एयर कंडीशनर, एलईडी टीवी और वॉशिंग मशीन समेत अन्य सामानों की कीमतों में 5 से 8 फीसदी तक की बढ़ोतरी की थी। कॉपर, स्टील, एल्यूमीनियम और कच्चे तेल से जुड़े उत्पादों की महंगाई को इन मूल्यवृद्धियों का प्रमुख कारण बताया गया है।




