कार्यक्रम में 20 हजार से ज्यादा महिलाओं के पहुंचने का दावा, गर्मी और उमस से बिगड़ी कई की तबीयत
बरेली । उत्तर प्रदेश के बरेली में भाजपा मेयर उमेश गौतम की ओर से आयोजित राखी बंधन कार्यक्रम में भारी भीड़ के कारण अव्यवस्था की स्थिति पैदा हो गई। कार्यक्रम में उम्मीद से कहीं अधिक महिलाओं के पहुंचने के बाद धक्का-मुक्की और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस दौरान कई महिलाओं की तबीयत बिगड़ गई और कुछ महिलाएं बेहोश होकर गिर पड़ीं, कुछ को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें से एक महिला की मौत हो गई।
कार्यक्रम का आयोजन गुरुवार को कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बरेली क्लब ग्राउंड में किया गया था। कार्यक्रम में मेयर उमेश गौतम के बेटे पार्थ गौतम भी मौजूद थे। आयोजकों की ओर से महिलाओं को राखी बंधवाने के बाद साड़ी और नकद राशि दिए जाने की बात सामने आई है। बड़ी संख्या में महिलाएं कार्यक्रम में पहुंचीं, जिसके चलते आयोजन स्थल पर भीड़ को नियंत्रित करना चुनौती बन गया। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कार्यक्रम में 20 हजार से अधिक महिलाओं के पहुंचने का दावा किया जा रहा है। भारी भीड़ और उमस के चलते कई महिलाओं की हालत बिगड़ गई। इसी दौरान धक्का-मुक्की में कुछ महिलाएं गिर गईं और बेहोश हो गईं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक कई महिलाओं को बसों के जरिए कार्यक्रम स्थल तक लाया गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में महिलाओं की वापसी के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं होने की बात भी सामने आई है। इससे कार्यक्रम स्थल के आसपास भीड़ और अव्यवस्था और बढ़ गई। इलाज के दौरान जान गंवाने वाली महिला की पहचान मधु सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह भाजपा के पूर्वी मंडल अध्यक्ष राजन तोमर की मामी थीं। परिजनों के मुताबिक तबीयत बिगड़ने के बाद मधु सिंह को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें किस अस्पताल में भर्ती कराया गया, इसकी तत्काल जानकारी परिवार को नहीं दी गई। बाद में उनकी मौत हो गई। वहीं जानकारी मिल रही है कि परिजनों ने किसी तरह की शिकायत दर्ज कराने और पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। वहीं पुलिस अधिकारियों की ओर से घटना में भगदड़ होने से इनकार किया गया है।


