नई दिल्ली । सोशल मीडिया पर बच्चों और किशोरों की सुरक्षा को लेकर मेटा ने अमेरिकी राज्यों के साथ बड़ा समझौता किया है। फेसबुक और इंस्टाग्राम की मूल कंपनी मेटा ने बच्चों के लिए सोशल मीडिया को कथित तौर पर नुकसानदायक और लत लगाने वाला बनाने के आरोपों को निपटाने के लिए 18 अरब डॉलर तक भुगतान करने पर सहमति जताई है। यह मामला अमेरिका के कई राज्यों के अटॉर्नी जनरल की ओर से दायर मुकदमों से जुड़ा है।
मुकदमे में आरोप लगाया गया था कि मेटा ने अपने मंचों को इस तरह डिजाइन किया, जिससे बच्चे और किशोर लंबे समय तक सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते रहें। कंपनी पर बच्चों की निजी जानकारी को उचित अभिभावकीय अनुमति के बिना एकत्र करने और मंचों की सुरक्षा को लेकर उपभोक्ताओं को गुमराह करने के आरोप भी लगाए गए थे। मेटा ने हालांकि किसी गलत काम को स्वीकार नहीं किया है।
समझौते के तहत किशोरों की सुरक्षा के लिए फेसबुक और इंस्टाग्राम में कई बदलाव किए जाएंगे। इनमें 18 वर्ष से कम उम्र के उपयोगकर्ताओं के लिए डिफॉल्ट तौर पर रोजाना दो घंटे की उपयोग सीमा, रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक उपयोग पर रोक और स्कूल के समय सूचनाएं बंद करना शामिल है। बेहतर उम्र सत्यापन और अभिभावकीय नियंत्रण की सुविधाएं भी मजबूत की जाएंगी।
समझौते में करीब 12.7 अरब डॉलर अगले 10 वर्षों में भुगतान किए जाने की बात है, जबकि अतिरिक्त राशि कुछ शर्तों पर निर्भर होगी। यदि यूट्यूब, टिकटॉक जैसी प्रतिस्पर्धी कंपनियां भी इसी तरह के कदम उठाती हैं, तो समझौते की शेष राशि लागू हो सकती है।
यह समझौता सोशल मीडिया कंपनियों पर बच्चों की सुरक्षा को लेकर बढ़ते कानूनी और नियामकीय दबाव के बीच हुआ है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


