कोडरमा । कोडरमा थाना क्षेत्र के लोकाई गांव में एक गंभीर मामला सामने आया है। 17 वर्षीय किशोरी ने अपने ही पिता पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। मामले में किशोरी की मां के आवेदन के आधार पर कोडरमा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, मामले में आरोपित की पहचान अरबिंद कुमार बरनवाल के रूप में हुई है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद अदालत के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में कोडरमा जेल भेज दिया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस पीड़िता के बयान सहित अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर रही है। पुलिस ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है। साथ ही पीड़िता से संबंधित संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए नियमानुसार आवश्यक प्रक्रिया अपनाई जा रही है।


