देवघर। सारठ थाना क्षेत्र के डकाय जंगल में पुलिस ने छापेमारी कर साइबर ठगी के आरोप में पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर फ्लिपकार्ट, अमेजन, फोनपे और एयरटेल पेमेंट बैंक के फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को ठगी का शिकार बनाने का आरोप है। पुलिस ने आरोपियों के पास से छह मोबाइल फोन और छह सिम कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस को सूचना मिली थी कि डकाय जंगल में कुछ लोग साइबर ठगी की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 2 सितंबर को छापेमारी की गई। इस दौरान पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी गूगल पे, फोनपे और एयरटेल पेमेंट बैंक के फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को कैशबैक का झांसा देते थे। इसके अलावा पीएम किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान के नाम पर एपीके फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस लेने की कोशिश भी करते थे। आरोपी एयरटेल पेमेंट बैंक के नाम पर भी ठगी का तरीका अपनाते थे। ग्राहकों को कार्ड बंद होने की जानकारी देकर एयरटेल थैंक्स ऐप के जरिए कार्ड दोबारा चालू कराने का झांसा दिया जाता था। इसके बाद उनसे जरूरी जानकारी हासिल कर ठगी की कोशिश की जाती थी।
पांचों आरोपियों की गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपियों में मधुपुर थाना क्षेत्र के बुढ़ीबगीचा निवासी सुभाष कुमार दास, मारगोमुंडा थाना क्षेत्र के नई-चिहुटिया निवासी विकास कुमार दास, सारठ थाना क्षेत्र के नयाखरना निवासी धनंजय महरा, मधुपुर के गढ़िया निवासी कुंदन कुमार और सारठ के झुनाकी निवासी विक्रम कुमार दास शामिल हैं।
विक्रम पहले भी जा चुका है जेल
पुलिस के अनुसार, विक्रम कुमार दास पहले भी साइबर अपराध के मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ साइबर थाना देवघर में वर्ष 2023, 2024 और 2025 में मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। छापेमारी अभियान में साइबर थाना देवघर के पुलिस निरीक्षक बिशेश्वर कुमार, मारगोमुंडा थाना के सहायक अवर निरीक्षक विरेन्द्र राम सहित दोनों थानों के सशस्त्र बल शामिल थे।


