मधुपुर : शहर कै पथरचपट्टी रोड स्थित महेंद्र मुनि सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में गुरुवार को राधा कृष्ण रूप सज्जा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. इस प्रतियोगिता में दर्जनों राधा बनी बहने और कृष्ण बने भैया ने भाग लिया और कार्यक्रम को भव्य और आकर्षक बनाया. कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यक्रम की अध्यक्षा सरोज चमडिया, मुख्य अतिथि ममता कुमारी, विशिष्ट अतिथि किरण मिश्रा और रीना शर्मा के दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ प्रारंभ हुआ. कार्यक्रम की भूमिका रखते हुए प्रधानाचार्य मदन मोहन मिश्रा ने कहा कि आज के युग में ऐसे कार्यक्रमों की प्रासंगिकता ओर अधिक बढ़ गई है.
भगवान श्री कृष्ण व राधा हमारे जीवन के आदर्श है इसलिए उनके संदेशों को जन-जन तक पहुंचाना और उनकी तरह अपने आप को जीवन में प्रस्तुत करना आवश्यक है. इसलिए इस कार्यक्रम के माध्यम से माता-पिता , अभिभावकों व उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं को यह बताने का प्रयास किया जाता है कि आप आदर्श बनेंगे तो किस तरह लोग आपको याद करेंगे. राधा और कृष्ण के रूप में सजे भैया बहन कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहे. एकता चमडिया और शालिनी गुटगुटिया की निर्णायक मंडली ने भैया बहनों की प्रस्तुति को देखते हुए प्रथम द्वितीय व तृतीय स्थान निर्धारित किया. कार्यक्रम में रूप सज्जा प्रतियोगिता के अतिरिक्त एकल गीत, समूह गीत ,एकल नृत्य, समूह नृत्य, भगवान श्री कृष्ण पर आधारित भजन, सुदामा का रूप और माता यशोदा के रूप को भी प्रस्तुत किया गया. स्थान प्राप्त भैया बहनों को पुरस्कार देकर पुरस्कृत किया गया. कार्यक्रम में मंच का संचालन लता कुमारी ने किया, वहीं कार्यक्रम के संयोजन में अमृतबाला, मानसी बनर्जी प्रीति कुमारी ,राजेश रंजन मिथिलेश चौधरी, अंकिता कुमारी और संचित दे की भूमिका महत्वपूर्ण रही. कल्याण मंत्र के साथ कार्यक्रम ने विराम लिया.


