देवघर। जिले को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत जसीडीह थाना क्षेत्र में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री से जुड़े एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके पास से 12.02 ग्राम ब्राउन शुगर और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। जानकारी के अनुसार, एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि भागलपुर से बस द्वारा एक युवक ब्राउन शुगर लेकर देवघर पहुंचा है और साई विकास नगर स्थित मनोकामना साई मंदिर के सामने बांका मुख्य सड़क के पास संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल एसआईटी का गठन किया गया। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की।
इस दौरान एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसकी विधिवत तलाशी लेने पर उसके पास से 12.02 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान छोटु कुमार 22 वर्ष के रूप में हुई है। वह बिहार के भागलपुर जिले के सबौर थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है। पुलिस ने उसके पास से एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया है। इस मामले में जसीडीह थाना में कांड संख्या 195/2026 दर्ज किया गया है।
आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 111(2) बी तथा एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि देवघर जिले को नशामुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी दल में सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जसीडीह थाना प्रभारी दीपक कुमार, तकनीकी शाखा प्रभारी संदीप कृष्णा समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी, तकनीकी कोषांग और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
इस खबर को भी पढ़ें-पेयजल संकट से जूझ रहा सरैयाहाट का पहरिडीह गांव, तीन महीने से खराब पड़ा चापानल
इस खबर को भी पढ़ें-13.7 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स के साथ दो गिरफ्तार,जेल


