रामगढ़ बाजार में कार्यकर्ताओं ने जमकर फोड़े पटाखे:एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर किया खुशी का इजहार
रामगढ़ । जामा विधानसभा से झामुमो प्रत्याशी डॉ लुईस मरांडी के जीत की खबर सुनते ही रामगढ़ बाजार में कार्यकर्ताओं ने जमकर पटाखे फोड़े तथा एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर खुशी का इजहार किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हेमंत सोरेन जिंदाबाद, लुईस मरांडी जिंदाबाद, झारखंड मुक्ति मोर्चा जिंदाबाद के नारे लगाए। इस दौरान झामुमो के मिडिया प्रभारी ललन कुमार भगत ने कहा कि यह जीत झामुमो के मतदाताओं की जीत है। गरीब गुरबों की जीत है। जामा विधानसभा के मतदाताओं ने भाजपा के मंदिर, मस्जिद, घुसपैठ जैसे मुद्दों को नकारते हुए फिर से एक बार हेमंत सोरेन पर भरोसा जताया है। बता दें कि मतगणना के शुरुआती दौर में लगातार भाजपा के सुरेश मुर्मू बढ़त बनाए हुए थे मगर रामगढ़ प्रखंड से ही झामुमो के प्रत्याशी लुईस मरांडी को 4 हजार से अधिक मतों से बढ़त मिल गई। जामा प्रखंड में भी उतार,चढ़ाव जारी रहा अंततः लुईस मरांडी ने 5738 मतों के अंतर से भाजपा प्रत्याशी सुरेश मुर्मू को हराकर झामुमो की परंपरागत सीट कहे जाने वाले जामा विधानसभा से एक बार फिर से झामुमो का परचम लहराने में सफल रही है।




