सलेम के आम बागान में मजदूरी कराने ले जा रहा था आरोपी
प्रत्येक बच्चे के लिए तय थी 15 हजार रुपये की रकम
संताल एक्सप्रेस संवाददाता

बरहरवा- रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट बरहरवा की टीम ने मानव तस्करी के एक बड़े प्रयास को विफल करते हुए बरहरवा रेलवे स्टेशन से सात नाबालिग बच्चों को रेस्क्यू किया है. इस मामले में बच्चों को मजदूरी कराने के उद्देश्य से तमिलनाडु के सलेम ले जा रहे एक संदिग्ध मानव तस्कर को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुलाम रसूल उम्र 27 वर्ष वर्ष उत्तरी सरफराजगंज फुदकीपुर थाना राधानगर जिला साहिबगंज के रूप में हुई है.मिली जानकारी के अनुसार 27 नवंबर की रात गुप्त सूचना के आधार पर आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. टीम में कांस्टेबल सुजीत कुमार सिंह, सतीश कुमार, अनिल कुमार साह तथा मंथन संस्था बरहरवा की प्रतिनिधि अराधना मंडल शामिल थीं. टीम ने बरहरवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक स्थित प्रतीक्षालय में छापेमारी कर सात बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया. मौके से बच्चों को अपने साथ ले जा रहे गुलाम रसूल को भी गिरफ्तार कर लिया गया.प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सातों बच्चों को वनांचल एक्सप्रेस से बरहरवा से धनबाद और वहां से दूसरी ट्रेन के माध्यम से तमिलनाडु के सलेम ले जाने की तैयारी में था. वहां बच्चों से आम के बागान की सफाई, आम के पेड़ों पर कीटनाशक दवाओं का छिड़काव और आम तोड़ने का काम कराया जाना था. इसके एवज में प्रत्येक बच्चे के लिए करीब 15 हजार रुपये देने की बात तय हुई थी. पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि बच्चों से प्रतिदिन आठ से दस घंटे तक काम कराया जाना था और इसके बदले उसे बागान मालिक से कमीशन मिलता.रेस्क्यू किए गए सात बच्चों में एक की उम्र 13 वर्ष, जबकि अन्य छह की उम्र 15 से 17 वर्ष के बीच बताई गई है. बच्चों को कीटनाशक दवाओं के संपर्क में रखकर लंबे समय तक काम कराने की योजना से उनके स्वास्थ्य और शारीरिक सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता था.आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने आरोपी के विरुद्ध लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी बरहरवा को सुपुर्द कर दिया. शिकायत के आधार पर जीआरपी बरहरवा ने कांड संख्या 65/2026, दिनांक 28 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2), 143(5), 3(5) तथा किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75/81 के तहत मामला दर्ज किया है.वहीं रेस्क्यू किए गए सभी बच्चों को आवश्यक संरक्षण, देखभाल और पुनर्वास की प्रक्रिया के तहत् संबंधित बाल कल्याण समिति अथवा सक्षम प्राधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की गई है.



