“काम बोलेगा, वार्ड बदलेगा” : दिलीप कुमार यादव
वार्ड 32 में विकास को लेकर क्या है उनकी प्राथमिकता?
सवाल:- लोग आपको वोट क्यों दें?
जवाब:- (दिलीप कुमार यादव): मेरा उद्देश्य राजनीति नहीं, सेवा है। वार्ड 32 में सबसे बड़ी समस्या साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन की है। मैं नियमित सफाई व्यवस्था और कचरा निष्पादन की ठोस प्रणाली लागू करूंगा, ताकि मोहल्ले स्वच्छ और स्वस्थ रहें।
सवाल:-नाली और जलजमाव की समस्या पर आपकी क्या योजना है?
जवाब:-बरसात में जलजमाव बड़ी परेशानी बन जाती है। मैं नालियों की नियमित सफाई और स्थायी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करूंगा, ताकि लोगों को राहत मिले।
सवाल:-बुनियादी सुविधाओं को लेकर आपका विजन क्या है?
जवाब:- सड़क, स्ट्रीट लाइट और पेयजल व्यवस्था को प्राथमिकता दूंगा। हर गली तक रोशनी और साफ पानी पहुंचे, यह मेरी प्रतिबद्धता है।
सवाल:-जनकल्याण योजनाओं पर क्या कदम उठाएंगे?
जवाब:-जाति, आवासीय व आय प्रमाण पत्र, वृद्धा पेंशन, विकलांग पेंशन जैसी सुविधाओं में लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए सक्रिय सहयोग करूंगा। स्वास्थ्य व शिक्षा क्षेत्र में बेहतर कार्य करते हुए आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान मेरी प्राथमिकता होगी।
————————————————————————————————————————–
वार्ड 34 की प्रत्याशी उर्मिला देवी से बातचीत
देवघर। देवघर नगर निगम के वार्ड संख्या 34 में इस बार नगर निगम चुनाव को लेकर खासा उत्साह है। इस वार्ड में करीब 4200 मतदाता हैं, जो अपने क्षेत्र के विकास और बुनियादी सुविधाओं को लेकर जागरूक दिखाई दे रहे हैं। इन्हीं मुद्दों के बीच वार्ड 34 की प्रत्याशी उर्मिला देवी से विकास, पारदर्शिता और जनसेवा को लेकर विशेष बातचीत की गई।
प्रश्न: वार्ड 34 में आपको किस तरह का जनसमर्थन मिल रहा है?
उर्मिला देवी: मुझे हर वर्ग से अच्छा समर्थन मिल रहा है। मतदाता विकास के नाम पर भरोसा जता रहे हैं और विश्वास के साथ वोट देने की बात कह रहे हैं।
प्रश्न: जनता आपको वोट क्यों करे?
उर्मिला देवी: मैंने राशन, आवास, पेंशन, पुल और बिजली जैसी बुनियादी जरूरतों पर काम किया है। जनता की समस्याओं को समझकर समाधान करना मेरी प्राथमिकता रही है, इसलिए लोग मुझ पर भरोसा कर रहे हैं।
प्रश्न: कोरोना काल में आपने क्या भूमिका निभाई?
उर्मिला देवी: उस कठिन समय में सैनिटाइजर, मास्क और राशन का वितरण कराया गया। साथ ही सावधानी और परहेज को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया, ताकि लोग सुरक्षित रह सकें।
प्रश्न: चुने जाने पर आपकी प्राथमिकताएं क्या होंगी?
उर्मिला देवी: साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट और वेपर लाइट की व्यवस्था को दुरुस्त करना मेरी पहली प्राथमिकता होगी। शिकायत मिलने पर 24 घंटे के भीतर समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास रहेगा।
प्रश्न: वार्ड 34 के मतदाताओं से आपका संदेश क्या है?
उर्मिला देवी: किसी भी काम में करप्शन और दलाली नहीं होगी। यह चुनाव सिर्फ पार्षद की जीत का नहीं, बल्कि पूरे वार्ड की जनता जनार्दन की जीत का माध्यम बने।
नोट: यह बातचीत वार्ड संख्या 34 की प्रत्याशी से की गई विशेष बातचीत पर आधारित है। चुनावी आचार संहिता के तहत सभी प्रत्याशियों को समान अवसर उपलब्ध है।
————————————————————————————————————————–
वार्ड 34 की प्रत्याशी शाहिदा बीबी से बातचीत
देवघर। देवघर नगर निगम के वार्ड संख्या 34 में नगर निगम चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज है। इस वार्ड में बड़ी संख्या में मतदाता बुनियादी सुविधाओं, पारदर्शिता और सक्रिय जनप्रतिनिधि की उम्मीद कर रहे हैं। इन्हीं मुद्दों को लेकर वार्ड 34 की वार्ड पार्षद प्रत्याशी शाहिदा बीबी, पति असगर अंसारी से विशेष बातचीत की गई।
प्रश्न: जनता आपको वोट क्यों करे?
शाहिदा बीबी: मैं लगातार अपने क्षेत्र में काम कर रही हूं। गरीब और जरूरतमंद लोगों की सेवा करना मेरी प्राथमिकता रही है। क्षेत्र में किसी को भी जरूरत पड़ती है तो एक कॉल पर 24 घंटे सेवा में पहुंचने का प्रयास करती हूं।
प्रश्न: आपके काम करने का तरीका क्या रहा है?
शाहिदा बीबी: मेरा प्रयास रहा है कि लोगों की समस्याएं सिर्फ सुनी न जाएं, बल्कि उनका समाधान भी हो। आम लोगों से सीधा संवाद रखकर उनकी जरूरतों के अनुसार काम किया गया है।
प्रश्न: अगर आप जीतती हैं तो आपकी प्राथमिकताएं क्या होंगी?
शाहिदा बीबी: जीत के बाद मेरी प्राथमिकता सड़क, नाला, पानी, बिजली, स्वास्थ्य केंद्र, पुस्तकालय और हाई स्कूल जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करना होगा। इन सभी मुद्दों पर चरणबद्ध तरीके से काम किया जाएगा।
प्रश्न: निगम स्तर पर आप अपनी बात कैसे रखेंगी?
शाहिदा बीबी: बोर्ड मीटिंग में जब भी जरूरत होगी, वार्ड की समस्याओं को लगातार उठाया जाएगा, ताकि समाधान समय पर हो सके।
प्रश्न: मोहल्ले की समस्याओं के समाधान को लेकर आपकी योजना क्या है?
शाहिदा बीबी: जीत के बाद कोशिश रहेगी कि मोहल्ले की समस्याओं का समाधान 2 से 3 दिन के भीतर कराया जाए, ताकि लोगों को बार-बार परेशान न होना पड़े।
प्रश्न: आम नागरिकों से जुड़े मुद्दों पर आपका क्या रुख रहेगा?
शाहिदा बीबी: प्रधानमंत्री आवास जैसी योजनाओं में अगर कोई जरूरतमंद पात्र है तो उसे प्राथमिकता दी जाएगी। ऐसे मामलों को निगम की बैठक में रखकर जल्द से जल्द समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।
नोट: यह बातचीत वार्ड संख्या 34 की प्रत्याशी से की गई विशेष बातचीत पर आधारित है। चुनावी आचार संहिता के तहत सभी प्रत्याशियों को समान अवसर उपलब्ध है।
————————————————————————————————————————–
वार्ड 35 में बुनियादी समस्याओं को लेकर बोले पार्षद प्रत्याशी राजेश दास
देवघर –नगर क्षेत्र के वार्ड नंबर 35 में पार्षद पद के चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज है। इस वार्ड से राजेश दास चुनावी मैदान में हैं। क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं को लेकर उन्होंने स्पष्ट एजेंडा रखा है और जनता से बदलाव के नाम पर समर्थन मांगा है। बातचीत के दौरान उन्होंने पिछली दस वर्षों की कमियों का जिक्र करते हुए आगामी पांच वर्षों में लंबित कार्यों को पूरा करने का दावा किया।
सवाल: जनता आपको वोट क्यों करे?
जवाब: इस वार्ड से जनता ने ही मुझे खड़ा किया है। पिछले दस वर्षों तक जो प्रतिनिधि रहे, उन्हें आज भी लोग पहचान नहीं पाते। वार्ड में जो भी लंबित काम हैं, उन्हें मैं पांच वर्षों के भीतर पूरा करूंगा। मेरा मकसद काम के जरिए पहचान बनाना है।
सवाल: वार्ड की सबसे बड़ी समस्या क्या है?
जवाब: इस मोहल्ले से दुर्गापुर तक नाले का निर्माण सबसे बड़ी जरूरत है। दुर्गापुर मोहल्ले में सड़क और नल की गंभीर समस्या है, जिसे प्राथमिकता से बनवाया जाएगा। साथ ही पूरे वार्ड में मुख्य चौक-चौराहों पर डस्टबिन लगाए जाएंगे ताकि स्वच्छता में लोगों को परेशानी न हो।
सवाल: आपकी प्राथमिकताएं क्या होंगी?
जवाब: सड़क, नाली, बिजली और पानी मेरी प्राथमिकताएं हैं। वार्ड ड्राई जोन है, इसलिए जल संकट का समाधान सबसे पहले किया जाएगा।
सवाल: शिकायतों के समाधान के लिए आपकी क्या योजना है?
जवाब: चुनाव जीतने के बाद एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाएगा, जिसमें पूरे वार्ड की जनता जुड़ी रहेगी। किसी भी समस्या को संज्ञान में लेकर एक से दो दिन के भीतर समाधान की कोशिश होगी।
सवाल: स्वच्छता को लेकर आपका क्या कहना है?
जवाब: पिछले दस वर्षों में वार्ड में एक भी डस्टबिन नहीं लाया गया। मेरी जीत के बाद यह स्थिति बदलेगी और स्वच्छता व्यवस्था मजबूत की जाएगी।
सवाल: भ्रष्टाचार को लेकर आपका रुख?
जवाब: मेरे कार्यकाल में न कमीशनखोरी होगी और न दलाली। काम पूरी पारदर्शिता के साथ होंगे।
सवाल: जनता से सीधे संवाद कैसे होगा?
जवाब: वार्ड 35 के वार्ड विकास केंद्र में हर सप्ताह एक दिन बैठकर जनता की समस्याएं सुनी जाएंगी और समाधान किया जाएगा।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


