कहा-धार्मिक आधार पर आरक्षण नहीं दिया जा सकता
बेंगलुरु । बेंगलुरु में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा का आज यानी रविवार को समापन हो गया। संघ सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने तीन दिवसीय इस सभा में निकले निष्कर्षों को मीडिया के साथ साझा किया। इसके साथ ही उन्होंने उन सभी सवालों के भी जवाब दिए, जो देश में वर्तमान में सबसे बड़े मुद्दों से जुड़े हुए थे। होसबोले ने इस दौरान औरंगजेब से लेकर मुस्लिम आरक्षण और बीजेपी अध्यक्ष तक के मुद्दों पर संघ का रूख पर पूछे गए सवालों के जवाब दिए। उन्होंने कहा कि हम बीजेपी के अभिभावक नहीं हैं जो हम रोज उन्हें बताएं कि यह करो। उन्होंने कहा कि भारत के जो विरोधी रहे हैं उनको आईकान नहीं बनाया जा सकता है। गंगा-जमुनी तहजीब की बात करने वाले लोग औरंगजेब के भाई दारा शिकोह को याद क्यों नहीं करते हैं? दिल्ली में औरंगजेब रोड को बदलकर अब्दुल कलाम रोड किया तो उसका कोई मतलब है ना।

तो जो हमारी संस्कृति की बात करेंगे, उसको हम लोग फॉलो करेगें। बीजेपी अध्यक्ष को लेकर होसबोले ने कहा कि हमें बीजेपी में कोई प्रचारक भेजने की मंशा नहीं है। सभी संगठन स्वतंत्र हैं और अपनी प्रक्रिया के तहत अपने अध्यक्ष चुनाव करने के लिए स्वतंत्र हैं। इसमें हमसे पूछ कर कुछ करने की जरूरत नहीं है। जातिगत जनगणना पर पूछे सवाल पर उनहोंने कहा कि हमारे समाज में जाति-बिरादरी के हिसाब से आपस में झगड़े नहीं होने चाहिए। जब स्पाट्र्स में कोई मेडल आता है या फिर कोई सैनिक बॉर्डर पर शहीद होता है तो हम उसका धर्म-जाति नहीं देखते हैं। हमें उन पर गर्व होता है। यही सद्भाव है। बांग्लादेश से अवैध घुसपैठ पर उन्होंने कहा कि जब भी अवैध घुसपैठ होती है तो सरकार की जिम्मेदारी है कि इसे रोकने के लिए कदम उठाएं। बांग्लादेश हो या कहीं ओर से घुसपैठ हो, हम हमेशा कहते आए हैं कि यह नहीं होना चाहिए। वहीं मुस्लिमों के आरक्षण पर होसबोले ने कहा कि भारत के संविधान के मुताबिक धार्मिक आधार पर आरक्षण नहीं दिया जा सकता। बाबा साहेब अंबेडकर भी यह नहीं चाहते थे। अगर कोई सरकार ऐसा करती है तो वह बाबा साहेब की मंशा के खिलाफ काम कर रही है।





