बादलपाड़ा-कल्याणपुर में ग्रामसभा के दौरान बिगड़े हालात, पथराव में कई पुलिसकर्मी जख्मी, दो की हालत गंभीर; डीडीसी और सिविल सर्जन ने अस्पताल पहुंचकर लिया इलाज का जायजा
दुमका । शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के बादलपाड़ा-कल्याणपुर में प्रस्तावित कोल ब्लॉक के सर्वे और बोरिंग को लेकर ग्रामीणों का विरोध रविवार देर रात हिंसक झड़प में बदल गया। ग्रामसभा के दौरान शुरू हुआ विरोध देखते ही देखते उग्र हो गया और ग्रामीणों तथा पुलिस के बीच तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। इस दौरान पुलिसकर्मियों पर जमकर पथराव किया गया, जिसमें 12 जवान घायल हो गये। घायलों में दो की स्थिति गंभीर बतायी जा रही है। एक जवान का पैर टूट गया है, जबकि कई पुलिसकर्मियों के सिर में चोटें आयी हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बादलपाड़ा-कल्याणपुर में प्रस्तावित कोल ब्लॉक के सर्वे और बोरिंग को लेकर रविवार को ग्रामसभा आयोजित की गयी थी। ग्रामसभा में कोल कंपनी के अधिकारी भी शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने प्रस्तावित कोल माइंस का विरोध शुरू कर दिया। ग्रामीणों की आपत्ति के कारण ग्रामसभा में हंगामा होने लगा। स्थिति उस समय और बिगड़ गयी, जब कंपनी के अधिकारियों को बंधक बनाये जाने की सूचना पुलिस और प्रशासन तक पहुंची।
सूचना मिलते ही शिकारीपाड़ा थाना की पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने-बुझाने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन विरोध शांत नहीं हुआ। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि अतिरिक्त पुलिस बल बुलाने की जरूरत पड़ गयी।
—————————-
*रात 11 बजे विजयपुर से बुलाये गये अतिरिक्त जवान*

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रात करीब 11 बजे दुमका के विजयपुर स्थित पुलिस केंद्र से रैप के तीन दर्जन से अधिक महिला एवं पुरुष जवानों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचने के बाद भी हालात सामान्य नहीं हुए। रात के अंधेरे में पुलिसकर्मियों पर पथराव शुरू हो गया। अचानक हुए हमले में 12 जवान घायल हो गये।
घायलों में शिकारीपाड़ा थाना के एएसआइ सोमाय किस्कू के अलावा फूल कुमार यादव, आनंद मुर्मू, चार्लेस मुर्मू, सनोज मरांडी, सुजीत सोरेन, अनिल दास, शिवजी यादव, श्याम सुंदर साह, अल्बर्ट एक्का, दीप नारायण मंडल और सुनील हांसदा शामिल हैं। सभी घायलों को पहले शिकारीपाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद कई जवानों को बेहतर इलाज के लिए दुमका सदर अस्पताल रेफर किया गया।
—————————-
*डीडीसी और सिविल सर्जन ने अस्पताल पहुंचकर लिया जायजा*
घटना की सूचना मिलने पर डीडीसी सह प्रभारी उपायुक्त अनिकेत सचान और सिविल सर्जन दुमका सदर अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घायल पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा चिकित्सकों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
डीडीसी सह प्रभारी उपायुक्त अनिकेत सचान ने बताया कि कोल माइंस के लिए आयोजित ग्रामसभा के दौरान हंगामा हुआ और पुलिसकर्मियों पर हमला किया गया। मामले में हंगामा करने वालों की पहचान की जा रही है।
—————————-
*कोल ब्लॉक का विरोध बना प्रशासन के लिए चुनौती*
बादलपाड़ा-कल्याणपुर की घटना ने प्रस्तावित कोल ब्लॉक को लेकर ग्रामीणों की नाराजगी और प्रशासन के सामने खड़ी चुनौती को उजागर कर दिया है। ग्रामसभा में शुरू हुआ विरोध हिंसक झड़प तक पहुंच जाना गंभीर स्थिति की ओर संकेत करता है। अब प्रशासन के सामने कानून-व्यवस्था बहाल करने के साथ ग्रामीणों की आपत्तियों और आशंकाओं को समझने की चुनौती भी है।
आने वाले दिनों में इस मामले में प्रशासनिक जांच, उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान और कानूनी कार्रवाई की संभावना है। वहीं, कोल ब्लॉक के सर्वे और बोरिंग की प्रक्रिया आगे किस रूप में बढ़ेगी, यह ग्रामीणों के विरोध और प्रशासन के अगले कदमों पर निर्भर करेगा। फिलहाल इस घटना ने इलाके में प्रस्तावित कोल परियोजना को लेकर विवाद को और गहरा कर दिया है।





