दुमका ब्यूरो

दुमका। चाचा के नाम से लोकप्रिय मृदुभाषी,समय के पाबंद व अनुशासन प्रिय, सामाजिक कार्यों में भी बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेने वाले दिशोम गुरु शिबू सोरेन के साये की तरह रहने वाले 76 वर्षीय झामुमो नेता वरिष्ठ अधिवक्ता विजय कुमार सिंह का सोमवार के सुबह निजी अस्पताल न्यू केयर कुम्हारपाड़ा में निधन हो गया।उनके निधन की सूचना मिलते ही अधिवक्ता और विभिन्न वर्ग के लोग की भीड़ उनके आवास पर अपने चहेते समाजसेवी विजय कुमार सिंह का अंतिम दर्शन करने को लेकर उमड़ पड़ी। समाज के विभिन्न वर्ग के लोगों ने उनके कुम्हार पाड़ा स्थित आवास पर उनके अंतिम दर्शन किए उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित किए। विगत 5 माह से बीमार चल रहे थे।
——————
सामाजिक सरोकारों से था विजय बाबु का गहरा नाता
विजय बाबू का जन्म 1948 में, 1976 से उन्होंने वकालत शुरू की थी । पूर्व में एक बार दुमका नगर पर्षद के वार्ड पार्षद भी चुने गए । वे खेल कूद संघ भी जुड़े रहे तथा संघ के विभिन्न पदों पर रह कर दुमका में प्रतिभावान युवाओं को खेल के प्रति जागरूक करते रहे। वह कुछ समय से बीमार चल रहे थे। इधर दो दिन पूर्व तबियत अधिक बिगड़ जाने पर न्यू केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार की सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।
——————-
दुमका बार एसोसिएशन के दो बार रहे हैं विजय सिंह अध्यक्ष
विजय सिंह 76 वर्ष के थे। दो पुत्र और एक पुत्री के साथ भरा पूरा परिवार छोड़ गये हैं। वे दुमका बार एसोसिएशन के दो बार अध्यक्ष चुने गए। इसके साथ ही वे 1976 में ही झारखंड मुक्ति मोर्चा से जुड़ गए और पार्टी सुप्रीमो शिबू सोरेन के नेतृत्व में शुरू अलग झारखंड राज्य निर्माण आंदोलन की अलख जगाने लगे। निर्भिक होकर झारखंड आंदोलन में जुझारू तेवर दिखाते रहे तथा शिबू सोरेन के अति करीबी मित्र बन गए ।
विजय बाबु लम्बे अर्से तक झामुमो के रणनीतिकारों में रहे शामिल
1976 में ही उन्होंने दुमका में वकालत शुरू की।झामुमो के रणनीतिकारों में शामिल विजय बाबु लम्बे अर्से तक दुमका जिला के पार्टी के जिलाध्यक्ष और पार्टी के केन्द्रीय कमेटी के महासचिव की जिम्मेदारी संभालते रहे। इस बीच राज्य अलग होने के बाद पार्टी ने उन्हें राज्य समन्वयक समन्वय समिति का भी सदस्य बनाया गया।
————————
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक्स पोस्ट के माध्यम से निधन पर जताया गहरा शोक
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक्स पोस्ट के माध्यम से उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि विजय कुमार सिंह के निधन से पार्टी को अपूर्णीय क्षति हुई है वहीं मुझे व्यक्तिगत क्षति हुई है। उन्होंने ईश्वर से उनकी आत्मा को शांति प्रदान करने तथा परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
———————–
झारखंड राज्य निर्माण के लिए चलाए गए आंदोलन के अग्रणी नेता रहे विजय सिंह:नलिन
सांसद नलिन सोरेन ने बताया कि अलग झारखंड राज्य निर्माण के लिए चलाए गए आंदोलन में विजय कुमार सिंह ने गुरु जी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर राज्य निर्माण के लिए लड़ाई लड़ी आखिरकार अलग झारखंड राज्य का निर्माण हुआ इसके बाद झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन के कहने पर उन्होंने राजनीति में कदम रखा लेकिन कभी भी पद की लालसा नहीं की इसके बावजूद पार्टी ने उन्हें केन्द्रीय महासचिव के बनाया और आज भी वे झारखंड मुक्ति मोर्चा के केन्द्रीय महासचिव थे।



