●सातवें वेतनमान की मांग को लेकर कर्मचारी 20 दिनों से हड़ताल पर हैं
●विश्वविद्यालय मुख्यालय के मेन गेट और सभी अंगीभूत कॉलेजों में तालाबंदी के कारण पठन-पाठन ठप है
संताल एक्सप्रेस संवाददाता

दुमका । सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय दुमका के हड़ताली शिक्षकेत्तर कर्मचारियों और विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच मंगलवार को हुई वार्ता विफल हो गई।सातवें वेतनमान की मांग को लेकर कर्मचारी 20 दिनों से हड़ताल पर हैं।विश्वविद्यालय मुख्यालय के मेन गेट और सभी अंगीभूत कॉलेजों में तालाबंदी के कारण पठन-पाठन सहित सारे काम ठप हैं।
मंगलवार को कुलपति डॉ बिमल प्रसाद सिंह के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने धरना स्थल पर जाकर हड़ताल व तालाबंदी कर रहे विश्वविद्यालय के शिक्षकेतर कर्मचारियों से वार्ता की।वार्ता के दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन ने हड़ताली कर्मचारियों की मांगों को पूरा करने के लिए किये गए प्रयासों की जानकारी देते हुए छात्र हित में हड़ताल समाप्त करने का अनुरोध किया।हड़ताली कर्मचारियों ने वार्ता के बाद यह निर्णय लिया कि जब तक सातवें वेतनमान के आधार पर वेतन नहीं मिलेगा, हड़ताल और तालाबंदी जारी रहेगी।वार्ता में कुलपति के साथ कुलसचिव डॉ राजीव कुमार, विश्वविद्यालय के डीएसडब्ल्यू डॉ जैनेंद्र यादव, सभी संकायों के डीन और स्नातकोत्तर विभागों के विभागाध्यक्ष मौजूद थे। वार्ता के दौरान कुलपति प्रो बिमल प्रसाद सिंह ने अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि शिक्षकेतर कर्मचारियों की मांगों से राजभवन व सरकार को पत्र के माध्यम से अवगत करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में एक नहीं बल्कि दो बार निदेशालय व राजभवन को पत्र भेजा गया है। जिसके आलोक में राजभवन ने निदेशालय को यथाशीघ्र सातवें वेतनमान के अनुसार वेतन निर्धारण करने का निर्देश भी दिया है। उसके बावजूद उच्च शिक्षा विभाग में मामला लंबित है। कुलपति ने कहा कि निदेशालय से प्राप्त 14 दिसंबर के पत्र में कहा गया है कि विश्वविद्यालय द्वारा वेतन निर्धारण से संबंधित कोई भी दस्तावेज निदेशालय को नहीं भेजा गया है। इस पर विश्वविद्यालय ने निदेशालय को अपना पक्ष भेज दिया है जिसमें विश्वविद्यालय ने कहा है कि सातवें वेतनमान के तहत वेतन निर्धारण के दस्तावेज पहले ही भेजे जा चुके हैं। विश्वविद्यालय के कुलपति ने धरने पर बैठे कर्मचारियों से धरना समाप्त करने की अपील करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में तालाबंदी से छात्र समेत विश्वविद्यालय के सभी हितधारकों को परेशानी हो रही है। उन्होंने कर्मचारियों को अपने स्तर से हर संभव मदद का आश्वासन देते हुए कहा कि यहां तालाबंदी करने से समस्या का समाधान नहीं होगा, मिल बैठकर बात करने से ही समस्या का समाधान होगा। विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ राजीव कुमार ने भी अपनी ओर से हर संभव मदद का आश्वासन देते हुए कहा कि बंद के कारण छात्रों को परेशानी हो रही है और प्रशासनिक कार्य बाधित हो रहा है।
वार्ता में सभी महाविद्यालयों के अध्यक्ष एवं सचिव सहित अच्छी संख्या में कर्मचारी उपस्थित थे। सभी कर्मचारियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि जब तक सातवें वेतनमान में वेतन भुगतान प्रारंभ नहीं किया जाएगा हड़ताल जारी रहेगा।
–
कुलपति पहले पावर लाएं तब वार्ता करें:नेतलाल मिर्धा
दुमका।एसकेएमयू शिक्षकेत्तर कर्मचारी महासंघ के सचिव नेतलाल मिर्धा ने कहा कि अब कर्मचारी वार्ता एवं आश्वासन के भरोसे नहीं रहेंगे। हमलोगों का मात्र एक ही मांग है और अगर कुलपति इसे भी नहीं दे सकते तो तो पहले पावर लाएं फिर वार्ता करें। भूखे पेट नौकरी नहीं की जाती। पहले तो वेतन कटौती करते हैं और और जो हमारा पावना है उसे दे भी नहीं सकते।
–
हम आंदोलन को और उग्र करेंगे:प्रदेश अध्यक्ष
●विधायक बसंत सोरेन से मिले हड़ताली कर्मचारी
दुमका।शिक्षकेत्तर कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष धीरेंद्र राय ने कहा कि जब वर्तमान कुलपति हम कर्मचारियों को हमारा हक नहीं दिला सकते तो उन्हें भूखे कर्मचारियों से कार्य लेने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। हम आंदोलन को और उग्र करेंगे और शिक्षा मंत्री के समक्ष गुहार लगाएंगे।मंगलवार को हड़ताली कर्मचारियों का एक प्रतिनिधिमंडल दुमका के विधायक बसंत सोरेन से मिला और अपना मांगपत्र समर्पित किया। विधायक श्री सोरेन ने आश्वासन दिया कि उनके स्तर से जो भी मदद होगा, करेंगे।



