नई दिल्ली । भारत में कोविड-19 के मामले बढ़ते जा रहे हैं। ताजा आंकड़ों के अनुसार इस समय देश में कोविड-19 के सक्रिय मामले 3000 के पार पहुंच चुके हैं। केरल देश का वह राज्य है जहां पर केस तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से ताजा आंकड़ों से पता लगता है कि 25 मई के बाद से ही देश में कोविड-19 के आंकड़ों में 10 गुना तक इजाफा हुआ है। केरल के अलावा महाराष्ट्र, कर्नाटक और दिल्ली वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।
पिछले 9 दिनों में देश में कोरोना के केस में 1300 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। वहीं देश में पिछले 48 घंटे में 21 मौतें हुई हैं। फिलहाल देश में 3783 एक्टिव केस हैं। सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात है कि बेंगलुरु में वैक्सीन की तीनों डोज ले चुके मरीज की भी मौत हो गई है।
केरल में इस समय कोविड-19 के सबसे ज्यादा सक्रिय मामले हैं और यहां पर अब 1400 मरीज हैं। रविवार तक यहां पर 64 नए केसेज आए थे। इसके बाद नंबर आता है महाराष्ट्र का जहां पर रविवार तक सक्रिय मामलों की संख्या 485 थी जिसमें 1 जून को 18 नए मामले आए हैं। वहीं दिल्ली में रविवार सुबह 8 बजे तक कोविड के सक्रिय मामले 436 थे जिसमें 61 नए मामले 1 जून को आए।
आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में कोविड की वजह से देश में चार मौतें हुई हैं जिसमे से दिल्ली, केरल, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश में एक-एक मौत शामिल हैं। आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि भारत में कोविड-19 की स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। संक्रमण कम गंभीर तरह के हैं और ज्यादातर मरीज घर पर ही देखभाल कर रहे हैं। सूत्रों ने आम जनता से अपील की है कि उन्हें चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है।






