आजादी को बचाए रखने के लिए बलिदान देना होगा
महात्मा गांधी के मधुपुर आगमन का शताब्दी समारोह
अशोक कुमार

मधुपुर। बापू ने 1920 और 1942 में देश की आजादी के लिए बलिदान देने का आव्हान किया था। आज वक्त आ गया है कि इस मुल्क की आजादी को बरकरार रखने तथा नागरिकों के अधिकारों को बनाए रखने के लिए हमे बलिदान देना होगा। यह बलिदान शरीर का नहीं बल्कि वक्त का बलिदान होगा। हमें राष्ट्र के प्रति अपना फर्ज निभाना होगा।
महात्मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी ने मंगलवार को यहां गांधी के मधुपुर आगमन के सौ साल बेमिसाल कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने इस बात की चेतावनी देते हुए लोगो से कहा कि आज हमारी आजादी के ऊपर फिर से गुलामी की बेड़ियां लगाने का अंदेशा हो रहा है। आपके जनाधिकार को छीनने की साजिश की जा रही है। केंद्र सरकार द्वारा राज्यों की चुनी हुई सरकार को प्रताड़ित करने की कोशिश की जा रही है। झारखंड के मुख्यमंत्री को पिछले दिनों भ्रष्टाचार के आरोप में जेल भेज दिया जाता है। जबकि दूसरी ओर महाराष्ट्र में जिन नेताओं पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे थे उन्हें भाजपा में शामिल कर मंत्री बना दिया जाता है। ऐसी परिस्थिति में हमें गांधीजी के विचारों को प्रासंगिक मानते हुए सत्याग्रह के मार्ग पर चलना होगा। उन्होंने कहा कि भारत की आत्मा आज भी देहातो में बसती है। उन्होंने कहा कि जिस देश में इतनी बड़ी विषमता है वहां गांधीवादी कभी अप्रासंगिक नहीं हो सकता है। उन्होंने पिछले दिनों मुख्य न्यायाधीश के ऊपर चप्पल फेंके जाने की घटना को साजिश करार देते हुए कहा कि इस घटना को एक बड़ी शक्ति के इशारे पर अंजाम दिया गया है।
इसके पूर्व आयोजन समिति के संयोजक घनश्याम ने विस्तार से मधुपुर विजन डॉक्यूमेंट 2047 पुस्तिका को उद्धृत करते हुए 2047 में मधुपुर के नए स्वरूप का वर्णन करते हुए कहा कि नए मधुपुर में जैविक खेती, समता और न्याय पर आधारित एक नया मधुपुर होगा। उन्होंने कहा कि गांधी की उत्तरगाथा को पूरा किए बिना हम आगे नहीं बढ़ सकते है। उन्होंने मधुपुर को जिला बनाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने जयप्रकाश का उल्लेख करते हुए कहा कि अगर सत्ता पर नकेल लगाना है तो लोकशक्ति को मजबूत करना होगा। डॉ योगेंद्र ने कहा कि शिक्षा के सिलेबस में कृषि को शामिल करना होगा। उन्होंने कहा पेसा कानून को लागू करना होगा। पूर्व विधायक गौतम सागर राणा ने सुझाव दिया कि मधुपुर विजन डॉक्यूमेंट 2047 के जगह झारखंड विजन डॉक्यूमेंट 2047 पर विचार करना चाहिए। वरिष्ठ पत्रकार प्रसून लतांत ने गांधीवादी मूल्यों पर आधारित विकास की बात कही। मंच का संचालन नरेश पटेल ने किया। पर्यावरण कार्यकर्ता कुमार कलानंद मणि, विजय प्रताप, प्रो मनोज कुमार, प्रो सुमन लता, पंकज कुमार श्रीवास्तव, अरविंद कुमार, रमेश सिंह आदि अनेक लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए।



