आक्रोशित लोगों ने मुख्य मार्ग को किया जाम
मेहरमा : थाना क्षेत्र अंतर्गत पिरोजपुर-भगैया मुख्य मार्ग पर कुमरडोय निवासी चंद्रदीप मंडल का चार वर्षीय पुत्र अर्णव कुमार का छर्री लदे ट्रैक्टर के चपेट में आने से मौत हो गई। वहीं इस घटना की सूचना पाकर मेहरमा, बलबड्डा ठाकुरगंगटी थाना प्रभारी क्रमशः सौरभ कुमार ठाकुर, अमित मार्की व पंकज कुमार सिंह अपने दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों एवं लोगों से घटना की जानकारी ली। घटनास्थल पर आक्रोशित लोगों ने मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। मृतक के पिता दिहाड़ी मजदूर का काम करके अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं। छर्री लदे ट्रेक्टर भगैया से पिरोजपुर की ओर जा रही थी। इसी क्रम में छर्री लदे ट्रेक्टर के चपेट में आने से बच्चे की मौत हो गई। प्रशासन के द्वारा काफी समझाने के बाद आक्रोशित लोगों द्वारा जाम को हटाया गया। मृतक बच्चा दो भाई व एक बहन है। बच्चे की मां एवं परिवार वालों का घटना स्थल पर रो-रोकर बुरा हाल है। आक्रोशित लोगों का कहना है कि प्रत्येक दिन पिरोजपुर- भगैया मुख्य मार्ग पर छर्री लदे ट्रेक्टर काफी रफ्तार में दौड़ती है। जिसके कारण यह घटना घटी है। रोजाना छर्री लदे ट्रैक्टर के आवागमन से स्थानीय लोगों को दुर्घटना का भय बना रहता है। प्रशासन से छर्री लदे ट्रेक्टर व काफी रफ्तार में दौड़ने वाली ट्रेक्टर पर ग्रामीणों ने रोक लगाने की मांग की है। वही पूरे मामले पर मेहरमा थाना प्रभारी सौरव कुमार ठाकुर से बातचीत में उन्होंने कहा कि पुलिस के द्वारा छर्री लदे ट्रेक्टर को जब्त कर लिया गया है। हालांकि घटना के बाद ड्राइवर घटना स्थल फरार है। मृतक बच्चे का शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोड्डा भेजा गया है और पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।


