वैश्य गरिमा पंच की बैठक में एकजुट होने पर बल
संताल एक्सप्रेस संवाददाता
रांची। आज वैश्य समुदाय विभिन्न उपजातियों में विभाजित है। उन्हें एकजुट कर एक मंच पर लाना होगा तभी हम राष्ट्र की मुख्यधारा में शामिल होकर अपनी सशक्त पहचान बना सकते हैं। हमें अपने समाज की युवा शक्ति को आगे लाना होगा। वैश्य समुदाय की पहचान हमारी परंपरा और व्यवहार से नहीं हमारी ईमानदारी और उद्यमिता से होनी चाहिए। वैश्यों को एकजुट करने के लिए बेटी रोटी का संबंध आपस में करना होगा। वैश्य समुदाय मे नीचले स्तर के जो लोग हैं, वे हमसे कटे हुए हैं। उन्हें हमें जोड़ना होगा। उपयुक्त उद्गार रविवार को प्रेस क्लब में आयोजित वैश्य गरिमा मंच की बैठक में वक्ताओं ने व्यक्त किए। बैठक के मुख्य अतिथि मंच के राष्ट्रीय स्तर शत्रुध्र साह ने कहा कि हमें अब भलू जाना होगा कि हम तेली, रौनियार, जायसवाल, हलवाई , सूढी आदि हैं। हम गर्व से कहें कि हम वैश्य हैं।
भारत में हमारी आबादी 35 करोड़ है। हमें अपनी राजनीतिक पहचान बनानी होगी। हमारे वैश्य समुदाय के कोई उम्मीदवार चुनाव में खड़े होते हैं तो हम उन्हें तन मन धन से सहयोग करेंगे। पूर्व मुख्य सचिव आर एस पोद्धार ने कहा कि साझा लक्ष्य के लिए हमें काम करना होगा। हमें बीच बीच में आपस में मिलकर वैश्य एकता के लिए काम करना होगा। डीआईजी सुनील कुमार गुप्ता ने कहा कि हमें तन, मन और धन से आपस में सहयोग कर वैश्य एकता को कायम करने का संकल्प लेना होगा। वैश्य समुदाय के अधिकारी जहां भी रहे जरूरतमंद वैश्यों की मदद करें। डॉ टीपी वर्णवाल ने कहा कि वैश्यों के कल्याण केलिए हम हर तरह से सहयोग करने को तैयार हैं। आर्थोपेडिक सर्जन डॉ संजय कुमार जायसवाल ने वैश्यों की एकता समय की आवश्यकता बताते हुए सहयोग करने का आश्वासन दिया। सुधीर कुमार साहु ने वैश्यों की एकजुटता के लिए बेटी रोटी का संबंध बनाने पर बल दिया। रिटायर्ड शिक्षक संजय कुमार गुप्ता ने वैश्यों की एकजुटता के लिए हर साल वैश्य गरिमा दिवस मनाने का सुझाव दिया। अशोक साहु ने मेधावी छात्र छात्राओं के आवासीय सुविधा के लिए रांची में वैश्य भवन बनाने का सुझाव दिया। जगदीश साहु, वीरेंद्र कुमार, अरूण कुमार गुप्ता, मीनाक्षी गुप्ता, वरिष्ठ पत्रकार अशोक कुमार आदि ने भी अपने अपने विचार रखे। बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंव के प्रदेश अध्यक्ष डॉ विजय राज ने कहा कि आज जो अपने लोगों में जो उत्साह है उसे आगे भी कायम रखना होगा। स्वागत भाषण करते हुए रिटायर्ड जज अरूण कुमार गुप्ता वैश्य समुदाय की वर्तमान स्थिति पा विस्तार से प्रकाश डाला। मंच का संचालन विनाथ प्रसाद ने किया।


