उत्तर 24 परगना । उत्तर 24 परगना जिले के बादुड़िया में तृणमूल कांग्रेस के एक पंचायत प्रधान का शव उनके घर से फंदे पर लटका हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जाहीदुल हक बैद्य के रूप में हुई है, जो यदुरहाटी उत्तर ग्राम पंचायत के प्रधान थे। मंगलवार सुबह उनके घर से शव बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से जाहीदुल हक बैद्य विभिन्न विवादों और आरोपों को लेकर चर्चा में थे। क्षेत्र के लोगों ने उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए लगातार विरोध-प्रदर्शन किया था। आरोप था कि उन्होंने ‘स्वच्छ भारत मिशन’ के तहत पंचायत को मिली अत्याधुनिक बैटरी चालित कचरा संग्रहण वाहन को बेचकर धन का गबन किया।
इसी आरोप को लेकर गत 31 मई को बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उनके घर के सामने प्रदर्शन करने पहुंचे थे। प्रदर्शनकारियों ने उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी।
बताया जाता है कि विरोध प्रदर्शन के बाद बादुड़िया थाने की पुलिस भी जांच के लिए उनके घर पहुंची थी, लेकिन उस समय जाहीदुल हक बैद्य वहां नहीं मिले थे। स्थानीय लोगों का यह भी दावा है कि उन पर भारी कर्ज का बोझ था, जिससे वे मानसिक दबाव में थे।
फिलहाल पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पूरे मामले की जांच कर रही है। आत्महत्या, आर्थिक दबाव या किसी अन्य कारण से हुई मौत—इन सभी संभावनाओं की जांच की जा रही है।


