दुमका। बाल विकास परियोजना दुमका सदर के तत्वावधान में आयोजित ‘पोषण भी, पढ़ाई भी’ अभियान के तहत बुधवार को तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन किया गया। समापन सत्र को संबोधित करते हुए अंचलाधिकारी सह बाल विकास परियोजना पदाधिकारी दुमका सदर अमर कुमार ने कहा कि इस प्रशिक्षण में जो भी जानकारी सेविकाओं की दी गई है और प्रशिक्षण के दौरान जो गतिविधियां सिखायी गई हैं, उसको सभी आंगनबाड़ी केंद्र में नियमित रूप से लागू करना है। तभी यह अभियान धरातल पर उतरेगा और यह प्रशिक्षण सफल और सार्थक होगा।
दुमका प्रखंड सभागार में आयोजित उक्त प्रशिक्षण का प्रमुख उद्देश्य जहां एक ओर आंगनबाड़ी केन्द्रों में आने वाले बच्चों को पोषण के साथ साथ पढ़ाई से संबंधित बाल गतिविधियां भी आयोजित करना है, ताकि ‘पोषण भी, पढ़ाई भी’ अभियान को सफल और सार्थक बनाया जा सके। वहीं दूसरी ओर इस कार्यक्रम के क्रियान्वयन के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन से जुड़ी सेविकाओं का क्षमतावर्धन करना भी रहा है।
बाल विकास परियोजना दुमका सदर द्वारा आयोजित इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण में गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागी सेविकाओं को मुख्य रूप से यह जानकारी दी गई कि आंगनबाड़ी केंद्र में आने वाले 3 से 6 आयु वर्ग के बच्चों के लिए कैसे उनके पोषण के साथ साथ मातृभाषा में पठन पाठन गतिविधियां आयोजित करना है। ताकि वहां आने वाले बच्चों को उनके प्रारंभिक बचपन के साथ उनको शिक्षा से जोड़ा जा सके।
मास्टर ट्रेनर छाया मुर्मू और ललिता कुमारी ने प्रशिक्षण मॉड्यूल के अनुसार अलग-अलग सत्रों में सफलतापूर्वक प्रशिक्षण देने का कार्य किया। साथ ही यह भी कहा कि उनके प्रशिक्षण का उद्देश्य पोषण भी पढ़ाई भी अभियान को सफल बनाने के लिए आंगनबाड़ी सेविकाओं का क्षमतावर्धन करना है। ताकि इस कार्यक्रम की बेहतर समझ बन सके और सुगमतापूर्वक वे इन गतिविधियों को अपने आंगनबाड़ी केंद्रों में लागू कर सकें।
गौरतलब है कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में शून्य से 6 आयु वर्ग तक के बच्चों को केंद्रित किया गया है ।जिसमें 3 साल से कम उम्र के बच्चों पर विशेष जोर दिया गया है। जिसमें बच्चों की मातृभाषा का उपयोग करने पर विशेष जोर देना है। इसके लिए बेहतर बुनियादी ढांचे के साथ आंगनवाड़ी केंद्रों को फिर से सशक्त करना, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, शिक्षकों और सहायकों को बाल देखभाल कार्यकर्ता के रूप में फिर से नामित करना, 3 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए शिशु गृह सुविधा प्रदान करना, विभिन्न मॉडल में एक सामान्य पाठ्यक्रम विकसित करना और बच्चों को उनकी मातृभाषा में शिक्षा देने पर जोर देना है।
इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्र और वहां उपलब्ध विभिन्न प्रकार की सेवा और सुविधाओं के बारे में ग्रामीणों को जानकारी भी देना है। साथ ही यह भी बताना कि आंगनबाड़ी केंद्र बाल देखभाल सुविधा के अलावा सरकार और ग्रामीण समुदाय के बीच एक आवश्यक कड़ी के रूप में काम करता है। विशेष रूप से गर्भवती माता और 6 साल से कम उम्र के बच्चों को इससे जोड़ा गया है। आंगनबाड़ी केंद्र के जरिए संबंधित गांव में रहने वाली महिलाओं और बच्चों को मौलिक स्वास्थ्य देखभाल, पोषण और प्रारंभिक बचपन की शिक्षा सेवाएं प्रदान करना भी इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य रहा है। जो बताने समझाने और उससे संबंधित गतिविधियों को करने कराने का प्रयास इस प्रशिक्षण के माध्यम से किया गया।
पिछले तीन दिनों से चल रहे इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में एक सौ आंगनबाड़ी सेविकाओं ने भाग लिया। प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में संबंधित बाल विकास परियोजना कार्यालय की महिला पर्यवेक्षिका सरोजिनी सोरेन, कमल हेम्ब्रम और प्रखंड समन्वयक सुजाता कर्ण ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।




