जामताड़ा। शिक्षक और पत्रकार की दोहरी पहचान रखने वाले एक व्यक्ति की करतूत ने पूरे इलाके में शिक्षक छात्र के रिश्ते को शर्मसार कर दिया। दक्षणीडीह निवासी उदय किशोर सिंह, जो उत्क्रमित मध्य विद्यालय अमजोरा, नारायणपुर अंचल में प्रभारी प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत हैं, पर विद्यालय की एक छात्रा ने शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने और मोबाइल पर अश्लील संदेश भेजने का गंभीर आरोप लगाया है। छात्रा ने बताया कि आरोपी शिक्षक के व्यवहार से वह बेहद डर गई थी और बीते 20-25 दिनों से विद्यालय जाना छोड़ दिया था। घरवालों द्वारा कारण पूछे जाने पर उसने रो-रोकर पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजनों ने ग्रामीणों को सूचना दी और सभी लोग गुरुवार को विद्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने आरोपी शिक्षक को वहीं पकड़ लिया, जमकर पिटाई की और करीब सात घंटे तक विद्यालय में बंधक बनाए रखा। सूचना मिलने पर नारायणपुर थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुँची और भीड़ के आक्रोश से आरोपी को बचाकर थाना ले आई। समाचार लिखे जाने तक थाना परिसर में ग्रामीणों की भीड़ जुटी हुई थी और छात्रा के परिजनों ने आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। ग्रामीणों में अब्दुल हसन, महबूब अंसारी, रंजीत तुरी, सपन तुरी, दिलीप तुरी, विनोद तुरी आदि ने बताया कि यह शिक्षक पहले भी दो बार ऐसी हरकत में पकड़ा गया था, लेकिन चेतावनी देकर छोड़ दिया गया था। तीसरी बार फिर ऐसी हरकत करने पर ग्रामीणों का सब्र टूट गया। पुलिस ने आरोपी शिक्षक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर आक्रोश और हैरानी का माहौल है। ग्रामीणों ने मांग की है कि आरोपी पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई शिक्षक इस तरह की शर्मनाक हरकत करने की हिम्मत न जुटा सके।



