हंसडीहा ( दुमका ) । हंसडीहा में इंडियन बैंक में करीब उन्नीस लाख लूट मामले में लुटेरों ने कैश काउंटर में रखे सिक्कों तक को नहीं छोड़ा। घटना के बाद बैंक द्वारा हंसडीहा थाना को जानकारी दी गई है, उसमे पांच रुपये का एक व दस रुपये का एक सिक्के लुटे जाने की बात बताई है। जबकि पांच सौ के नोट 2916 पीस, दो सौ के 825, एक सौ के 2072, पचास के 887, बीस के 789 , दस के 596 पीस व पांच रुपया वाला 52 कागज के नोट लुटेरे अपने साथ ले गए।
इंडियन बैंक लुटकांड के मामलें में हँसडीहा पुलिस ने ब्रांच मैनेजर राजकिरण के लिखित आवेदन पर बीएनएस की धारा 310(2) के तहत मामला दर्ज कर अपराधियों के धरपकड़ में जुट गई है। हालांकि अबतक पुलिस के पास कोई ऐसी जानकारी नहीं मिली है जिससे अपराधियों की पहचान हो सकें। पुलिस लगातार दूसरे दिन विभिन्न सीसीटीवी के फुटेज को खंगालती रही। बताया जाता है कांड के उदभेदन के लिए पुलिस अधीक्षक ने एसआईटी का गठन किया है। एसआईटी शुक्रवार को पुरे दिन अपराधियों के संभावित ठिकानों में छापेमारी करती रही।
इंडियन बैंक लुटकांड के बाद क्षेत्र के बैंको की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं सवाल
इंडियन बैंक लुटकांड के बाद क्षेत्र के बैंको की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे है। अकेले हँसडीहा बाजार में छह सरकारी बैंक और आधा दर्जन से अधिक माइक्रो फाइनेंस कंपनी की शाखाएं है। वहीं सरैयाहाट में चार सरकारी बैंक है। जबकि इन्हीं थाना क्षेत्रों के ग्रामीण इलाकों गंगवारा, कुरमाहाट, नवाडीह, रोंधिया और नोनीहाट में भी कई बैंको की शाखा है। एक दो बैंक को छोड़ दें तो किसी भी बैंक में सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं है। बैंको में पुराने हो चुके कैमरे और बिना हथियार के गार्ड के भरोसे रोजाना लाखों की लेनदेन हो रही है। बहरहाल इंडियन बैंक की तरह ही दूसरे बैंक में भी इस तरह की घटना से इंकार नहीं किया जा सकता है।


