चंदन कुमार मंडल
फतेहपुर, (जामताड़ा)। झारखंड पर्यटक स्थलों एवं ऐतिहासिक धरोहरों से भरा पड़ा हुआ है। वही फतेहपुर प्रखंड के उत्तरी सीमावर्ती से महज कुछ किलोमीटर की दूरी पर स्थित प्रकृति की गोद में बसा सौंदर्य एवं मनोरम गुमरो पहाड़ पिकनिक स्पाॅट के लिए खासा आकर्षण का केंद्र है। हर वर्ष नए साल में अनेकों नवयुवक एवं युवतियां उमंग व जोश के साथ यहां पिकनिक मनाने आते हैं। पिकनिक का आनंद उठाने के लिए लोगों का यहां पूरे शीतकाल में आना जाना लगा रहता है। इतना ही नहीं पर्वतारोही भी प्रशिक्षण लेने के लिए यहां आकर कैंप करते हैं। यहां के प्राकृतिक सौंदर्य देखने को बनता है। यहां बंदरों के उछल कूद, झरनों की कलकलाहट, पक्षियों की चहचहाहट, सौंदर्य हरी वादियाँ एवं पहाड़ के ऊपर स्थित एक टावर घर है जो लोगों को अपने आप ही आकर्षित कर लेता है। लोगों का मानना है कि पहाड़ में कई बाघ की गुफाएँ भी है। यहां कई प्रकार के खूंखार जीव जंतु भी निवास करते हैं। कई बार तो बाघ को सड़क के किनारे भी देखा गया है। लेकिन इस क्षेत्र के लोगों को कभी क्षति नहीं पहुंचाया है। लोगों ने बताया कि हम लोगों को यहां के खूंखार जीव जंतुओं से पहाड़ बाबा रक्षा करते है। अंग्रेजों के काल में दूरसंचार व्यवस्था के लिए इस पहाड़ के ऊपर पर एक टावर घर भी बनाया गया था। जो आज एक खंडहर भवन बनकर मात्र रह गया है। जिसके लिए पहाड़ पर वाहन चढ़ने का रास्ता भी बनाया गया था। लोगों की माने तो पहाड़ के ऊपर से नीचे की ओर निहारने पर काफी अद्भुत-सा नजारा दिखता है। प्राकृतिक संदर्भ में पहाड़ पर स्थित झरनें की कलकलाहट मानो जैसे संगीत की मधुर तान देते रहता है। इतना ही नहीं इस क्षेत्र के पशु पक्षी अपनी प्यास इसी पानी से बुझाते है। यहां पर कई प्रकार की जड़ी-बूटी एवं औषधीय पौधे भी पाये जाते है। जिसे लोग कई बीमारियों के इलाज के लिए भी ले जाते हैं। वही यहां के स्थानीय लोगों ने बताया कि पहाड़ की गोद से बहते झरने के शुद्ध पानी को स्वास्थ्य लिए अति लाभदायक माना गया है। जिसका सेवन करने से कई बीमारियाँ दूर भाग जाती है। वही पहाड़ के नीचे तलहटी पर स्थित एक पहाड़ थान भी है, जिसे पहाड़ बाबा के नाम से पुकारा जाता है। जहां प्रत्येक वर्ष सावन महीना के अंत में विधि विधान पूर्वक पूजा-अर्चना किया जाता है। मान्यता है कि पहाड़ बाबा क्षेत्र के लोगों को खूंखार जीव जंतुओं से रक्षा करते है।


