दुमका ब्यूरो
दुमका। भागलपुर से हावड़ा का सफर अब और भी सुहाना, वंदे भारत ट्रेन 6 घंटे में यात्रा करेगी पूरी। इस रोमांचक पल की जानकारी जिला भाजपा की ओर से शनिवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया गया है कि झारखंड के संथाल परगना क्षेत्र में रेलवे इतिहास का नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर 2 बजे वीडीयो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भागलपुर-हावड़ा वाया दुमका वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का स्थानीय आयोजन दुमका रेलवे स्टेशन पर किया जाएगा, जहां गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे द्वारा वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। यह ऐतिहासिक अवसर क्षेत्र के विकास को नई दिशा देगा और स्थानीय नागरिकों को विश्वस्तरीय यात्रा सुविधाओं से जोड़ते हुए प्रगति के मार्ग पर अग्रसर करेगा।
———————————————–
वंदे भारत एक्सप्रेस: भारतीय रेल का गौरव
वंदे भारत एक्सप्रेस,जिसे ‘ट्रेन 18’ के नाम से भी जाना जाता है, भारतीय रेलवे की सबसे तेज़ और आधुनिक ट्रेन सेवाओं में से एक है। यह ट्रेन अपने तेज़ सफर, अत्याधुनिक सुविधाओं और आरामदायक यात्रा अनुभव के लिए पूरे देश में प्रसिद्ध है। इस ट्रेन का भागलपुर-हावड़ा वाया दुमका मार्ग पर परिचालन क्षेत्र के लोगों के लिए एक बड़ी सौगात होगी, जो उन्हें बड़ी रेल सेवाओं से जोड़ते हुए समय और सुविधाओं की दृष्टि से एक बड़ा लाभ देगी।
———————————————–
क्षेत्रीय विकास की ओर बढ़ता दुमका और संथाल परगना
वंदे भारत एक्सप्रेस के शुभारंभ से दुमका और संथाल परगना क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। इस रेल सेवा से न केवल यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा, बल्कि यह क्षेत्र के व्यापार, पर्यटन और उद्योगों को भी मजबूती प्रदान करेगी। भागलपुर, हंसडीहा, नोनीहाट और दुमका जैसे महत्वपूर्ण स्टेशन अब हावड़ा जैसे प्रमुख व्यापारिक और शैक्षिक केंद्रों से तेज़ी से जुड़ जाएंगे, जिससे क्षेत्र की सामाजिक-आर्थिक प्रगति को बल मिलेगा।
———————————————–
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र निर्माण
वंदे भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच का प्रत्यक्ष प्रमाण है, जो ‘विकसित भारत’ के उनके संकल्प को साकार करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है। झारखंड और पश्चिम बंगाल के बीच बेहतर रेल संपर्क स्थापित होने से दोनों राज्यों के नागरिकों को बेहतरीन यात्रा सुविधाएं मिलेंगी और उनके जीवन स्तर में सुधार आएगा। इस ट्रेन सेवा से भारत की परिवहन व्यवस्था में गुणवत्ता और क्षमता दोनों का उन्नयन होगा, जिससे देश की आर्थिक विकास दर और तेज़ होगी। भारतीय जनता पार्टी की ओर से सभी नागरिकों से अपील की गई है कि इस ऐतिहासिक क्षण का हिस्सा बनने के लिए दुमका रेलवे स्टेशन पर उपस्थित हों और इस गौरवशाली अवसर का साक्षी बनें। यह अवसर हमारे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा, जिससे दुमका और संथाल परगना के विकास को एक नई दिशा मिलेगी।
——————————————–
हावड़ा-भागलपुर वन्दे भारत एक्सप्रेस की समय सारिणी जारी
यह ट्रेन शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह के 6 दिन चलेगी। इस ट्रेन में 8 कोच रहेगा। गाड़ी संख्या 22309 हावड़ा-भागलपुर वन्दे भारत एक्सप्रेस सुबह 07:45 बजे हावड़ा से प्रस्थान कर, 09:27 पर बोलपुर शांतिनिकेतन, 10:23 पर रामपुरहाट, 11:23 पर दुमका, 11:47 पर नौनीहाट, 12:05 पर हंसडीहा, 12:27 पर मंदार हील और 12:43 पर बाराहाट जंक्शन पहुंचते हुए 14:05 पर भागलपुर जंक्शन पहुंचेगी।
———————————————–
वापसी में गाड़ी संख्या 22310 भागलपुर-हावड़ा वन्दे भारत एक्सप्रेस 15:20 पर भागलपुर जंक्शन से प्रस्थान कर, 15:45 पर बाराहाट जं, 15:58 पर मंदार हील, 16:40 पर हंसडीहा, 16:57 पर नौनीहाट, 17:18 पर दुमका, 18:13 पर रामपुरहाट और 18:51 पर बोलपुर शांतिनिकेतन स्टेशन पहुंचते हुए 21:20 पर हावड़ा पहुंचेगी।


