महिला के परिजनों ने पुलिस को दी सूचना, दामाद पर लगाया हत्या का आरोप
मुरादाबाद । यूपी के मुरादाबाद के मझोला थाना इलाके की पॉश कॉलोनी बुद्धि विहार में बुधवार शाम 4 साल की मासूम बच्ची ने नानी को वीडियो कॉल करके अपनी मां का शव दिखाया। मासूम ने कॉल पर नानी को बताया कि पापा ने मम्मी को लटका दिया है। मम्मी बात नहीं कर रही हैं।
मृतक महिला के मायके वालों घटना की जानकारी लगी तो तत्काल ही मुरादाबाद पुलिस को सूचना दी। मृतक महिला के परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी की हत्या करके शव को पति ने फांसी के फंदे पर लटकाया है। पुलिस ने मृतक महिला के पति को हिरासत में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि मुरादनगर के जलालपुर निवासी रूबी रानी की शादी 2019 में गाजियाबाद जनपद की मोदीनगर के रहने वाले रोहित कुमार से हुई थी। रोहित निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है, वह वर्क फ्रॉम होम करता है। मृतक महिला रूबी बुद्धि विहार में अपने पति और चार साल की बेटी के साथ किराए के मकान पर रहती थी। रुबी के परिजनों ने पुलिस को बताया कि शाम 5 बजे मासूम बच्ची ने नानी को वीडियो कॉल किया। वीडियो कॉल में बच्ची ने नानी को बताया कि मम्मी फंदे पर लटकी हैं वह बात नहीं कर रही है। ऐसे में जब रूबी के मायके वालों ने उसका शव फांसी के फंदे से लटका देखा तो परिवार वालों के होश उड़ गए।
सूचना मिलते ही घटनास्थल पर मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने जांच पड़ताल शुरू कर दी गई। साथ ही महिला के पति रोहित को हिरासत में ले लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के सही तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।






