हम बंधेज पत्र भी देने के लिए तैयार हैं किन्तु फिर भी हमारी मांग पर विश्वविद्यालय प्रशासन मौन : परिमल कुंदन
दुमका। सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय दुमका एवं अंतर्गत अंगीभूत महाविद्यालयों के शिक्षकेतर कर्मचारी सातवें वेतनमान में वेतन भुगतान की मांग को लेकर पिछले 44 दिनों से हड़ताल पर डटे हुए हैं एवं विश्वविद्यालय,महाविद्यालयों के सारे कार्य ठप हैं। 2 माह से कर्मचारियों को वेतन भुगतान भी नहीं किया गया है। जिसके बावजूद भी कर्मचारियों के जोश में कोई कमी नहीं है। एक चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी भी अपनी मांग पर गंभीर है किन्तु जायज मांग होते हुए भी राज्य सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन उदासीन है। इसी उदासीनता की वजह से कर्मचारियों ने फैसला लिया है कि 10.01.2025 को होने वाले विश्वविद्यालय स्थापना दिवस का आयोजन सिर्फ कर्मचारियों द्वारा ही किया जाएगा। महासंघ के महासचिव नेतलाल मिर्धा ने कहा कि वर्तमान कुलपति द्वारा यह साबित करने का प्रयास किया जा रहा है कि इस परिसर की आवश्यकता नहीं है तो फिर यहां उन्हें स्थापना दिवस मनाने की भी आवश्यकता नहीं है। श्री मिर्धा ने कहा यह बड़ा ही खेदजनक है कि एक ओर हम बंधेज पत्र देने के लिए तैयार हैं किन्तु उसके बावजूद भी विश्वविद्यालय प्रशासन हमें सातवें वेतनमान में वेतन भुगतान प्रारंभ नहीं करने की जिद पर अड़ी है और इसी जिद की वजह से आज गतिरोध की स्थिति हो गई है।
महासंघ के अध्यक्ष परिमल कुंदन ने कहा कि हम सभी नियमित कर्मचारी हैं, पांचवें, छठे एवं सातवें वेतनमान में हमारा लाखों रुपए बकाया है, हम बंधेज पत्र भी देने के लिए तैयार हैं किन्तु फिर भी हमारी मांग पर विश्वविद्यालय प्रशासन मौन है। जायज मांग के लिए 44 दिनों तक हड़ताल का जारी रहना विश्वविद्यालय प्रशासन की अयोग्यता को दर्शाता है।


