मुंबई । करीब 5 साल पहले अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत अपने फ्लेट में मृत पाए गए थे। इस मामले में पूरे देश में हड़कंप मच गया था। सीबीआई ने इस साल मार्च में दो क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की थीं। पहली रिपोर्ट सुशांत के पिता के.के. सिंह की शिकायत पर थी, जिसमें आरोप था कि अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती और उनके परिवार ने सुशांत को आत्महत्या के लिए उकसाया और उनकी संपत्ति का दुरुपयोग किया। दूसरी रिपोर्ट रिया द्वारा मुंबई में सुशांत की बहनों के खिलाफ दर्ज कराई गई शिकायत से जुड़ी थी। अब सुशांत की परिवार ने सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट को अदालत में चुनौती देने का निर्णय लिया है।
परिवार का कहना है कि रिपोर्ट अधूरी, ऊपरी जांच पर आधारित और सच छिपाने का प्रयास है। परिवार के वकील अधिवक्ता वरुण सिंह ने कहा, यह रिपोर्ट केवल एक दिखावा है। अगर सीबीआई वास्तव में सच सामने लाना चाहती, तो उसे कोर्ट में सभी सबूत जैसे कि चैट रिकॉर्ड, तकनीकी डेटा, गवाहों के बयान, मेडिकल रिकॉर्ड, बैंक स्टेटमेंट के साथ अंतिम रिपोर्ट दाखिल करनी चाहिए थी। ऐसा नहीं किया गया है। हम इस क्लोजर रिपोर्ट के खिलाफ एक प्रोटेस्ट याचिका दाखिल करेंगे। परिवार का आरोप है कि जांच में कई गंभीर कमियां हैं। वकील ने कहा, सिर्फ यह कह देना कि सुशांत के अकाउंट से कोई पैसा नहीं निकाला गया, पर्याप्त नहीं है। सीबीआई को अपने दावे के समर्थन में बैंक स्टेटमेंट और डिजिटल सबूत देने चाहिए थे। यह एक कमजोर रिपोर्ट है जो अदालत में टिक नहीं पाएगी।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि सुशांत की बहन मीतू सिंह 8 जून से 12 जून तक उनके फ्लैट में उनके साथ थीं, जबकि उनकी मैनेजर श्रुति मोदी फरवरी में पैर फ्रैक्चर होने के बाद से घर नहीं आई थीं। सीबीआई ने कहा कि जब रिया और शोविक ने घर छोड़ा, तो वे केवल अपना एप्पल लैपटॉप और घड़ी लेकर गईं जो उन्हें सुशांत ने उपहार में दी थी। रिपोर्ट में कहा, कोई ऐसा सबूत नहीं मिला जिससे साबित हो कि रिया या किसी और ने सुशांत की संपत्ति उनकी जानकारी के बिना हड़पी हो।
सीबीआई के अनुसार, सुशांत के वित्तीय लेनदेन उनके चार्टर्ड अकाउंटेंट और वकील संभालते थे। रिया पर किए गए खर्च जैसे 2019 की यूरोप यात्रा सुशांत के निर्देश पर किए गए थे। सीबीआई ने अपनी रिपोर्ट में कहा, उन्होंने अपने फ्लैटमेट सिद्धार्थ पिठानी से कहा था कि रिया परिवार का हिस्सा हैं। इसलिए रिया पर किया गया खर्च आईपीसी की धारा 420 (धोखाधड़ी) के तहत नहीं आता है।
मामले से संबंधित याचिका पर पटना की एक अदालत 20 दिसंबर को सुनवाई करेगी। परिवार ने संकेत दिया है कि वे सीबीआई की जांच प्रक्रिया पर अदालत से विस्तृत पुनर्विचार की मांग करेंगे। सीबीआई की रिपोर्ट के अनुसार, जांच से यह स्पष्ट हुआ कि सुशांत सिंह राजपूत ने आत्महत्या की थी। 8 जून 2020 से 14 जून 2020 (जिस दिन वे बांद्रा स्थित फ्लैट में मृत पाए गए) के बीच कोई भी आरोपी व्यक्ति उनके साथ नहीं रह रहा था। रिया और उनके भाई शोविक 8 जून को घर छोड़ चुके थे। सुशांत ने 10 जून को शोविक से वॉट्सऐप पर बातचीत की थी, लेकिन 8 से 14 जून के बीच रिया से कोई संपर्क नहीं हुआ था।
संपत्ति के मामले में भी आगे तेजस्वी : तेजप्रताप के पास 2.88 करोड़ और तेजस्वी के पास 8.1 करोड़


