केंद्र और चुनाव आयोग को दिया नोटिस
नई दिल्ली । सुप्रीम कोर्ट ने राजनीतिक दलों के पंजीकरण और नियमन के लिए सख्त नियम बनाने की मांग वाली याचिका पर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग से जवाब तलब किया है। न्यायमूर्ति सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जोयमाल्या बाग्ची की पीठ ने शुक्रवार को प्रारंभिक सुनवाई के बाद दोनों को नोटिस जारी किया। अदालत ने याचिकाकर्ता से यह भी कहा कि वह मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय दलों को पक्षकार बनाए। यह जनहित याचिका भाजपा नेता व अधिवक्ता अश्विनी उपाध्याय ने दाखिल की है। इसमें मांग की गई है कि चुनाव आयोग राजनीतिक दलों के पंजीकरण और कामकाज के लिए स्पष्ट नियम तय करे, ताकि धर्मनिरपेक्षता, पारदर्शिता, आंतरिक लोकतंत्र और राजनीतिक न्याय को बढ़ावा मिल सके।

याचिका में दावा किया गया है कि कई राजनीतिक दल चंदे के नाम पर कालेधन को सफेद करने का जरिया बने हुए हैं। कुछ दल चंदा लेकर उसका हिस्सा वापस कर देते हैं, जबकि कुछ अपराधियों या संदिग्ध लोगों को पदाधिकारी बनाकर लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं। हाल ही में कुछ दलों के दफ्तरों पर पड़े आयकर छापों का भी हवाला दिया गया है। याचिकाकर्ता ने तर्क दिया है कि राजनीति में भ्रष्टाचार, जातिवाद, सांप्रदायिकता और अपराधीकरण को रोकने के लिए समग्र कानून जरूरी है। इसमें इनर पार्टी डेमोक्रेसी (अंतरदलीय लोकतंत्र) और फंडिंग में पारदर्शिता को सबसे अहम मुद्दा बताया गया है। याचिका में यह भी कहा गया कि जस्टिस जीवन रेड्डी की अध्यक्षता वाले विधि आयोग और जस्टिस एम.एन. वेंकटचलैया की अध्यक्षता वाले संविधान समीक्षा आयोग ने इस मुद्दे पर पहले भी विचार किया था, लेकिन सरकारों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। याचिकाकर्ता ने दलील दी कि कई देशों में इस संबंध में स्पष्ट कानून मौजूद हैं, जबकि भारत में राजनीतिक दलों पर किसी तरह का सीधा नियमन नहीं है, जबकि वे सरकार बनाने और नीतियां तय करने में निर्णायक भूमिका निभाते हैं। सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र और चुनाव आयोग को 3 नवंबर तक जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है।





