नई दिल्ली । सुप्रीम कोर्ट ने निजी अस्पतालों में मरीजों और उनके परिजनों के शोषण को रोकने के लिए राज्य सरकारों को उचित नीतियां बनाने का निर्देश दिया है। यह फैसला एक जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान आया, जिसमें आरोप लगाया गया था कि निजी अस्पताल और उनकी फार्मेसियां मरीजों से एमआरपी से अधिक दाम वसूल रही हैं।
निजी अस्पतालों द्वारा लूट संबंधी जनहित याचिका सिद्धार्थ डालमिया और उनके पिता द्वारा दायर की गई थी। याचिकाकर्ता सिद्धार्थ का कहना था कि उनकी मां का स्तन कैंसर का इलाज निजी अस्पताल में हुआ, जहां उन्हें महंगी दवाएं खरीदने के लिए मजबूर किया गया। उनकी अपील थी कि मरीजों को अपनी पसंद की फार्मेसी से दवा खरीदने की स्वतंत्रता दी जाए और निजी अस्पतालों को यह अनिवार्य करने से रोका जाए कि मरीज सिर्फ उन्हीं की फार्मेसी से दवा खरीदें।
कोर्ट ने राज्य सरकारों को कार्रवाई का दिया निर्देश
सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि यह मामला संविधान के तहत राज्य सूची का विषय है, इसलिए केंद्र सरकार इस पर सीधे हस्तक्षेप नहीं कर सकती। कोर्ट ने राज्य सरकारों से कहा कि वे व्यापक नीति बनाकर मरीजों के शोषण पर रोक लगाएं और साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि निजी अस्पतालों के कामकाज पर अनावश्यक प्रतिबंध न लगे।
निजी अस्पतालों और दवा कंपनियों की मिलीभगत
आरोप तो यह भी लगते रहे हैं कि निजी अस्पताल प्रबंधन और दवा कंपनियां मिलकर मरीजों को महंगी दवाएं खरीदने पर मजबूर कर रही हैं। महज 20 रुपये की दवा को 200 रुपये तक में बेचा जाता है। अस्पतालों के मेडिकल स्टोर पर मनमानी कीमतों पर दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मरीजों से खास मेडिकल दुकानों से ही दवा खरीदने के लिए कहा जाता है, जिससे लूट की आशंका और बढ़ जाती है।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि निजी अस्पतालों की मनमानी पर लगाम लगेगी और मरीजों को आर्थिक रूप से राहत मिलेगी। अब देखना यह होगा कि राज्य सरकारें इस दिशा में कितनी जल्दी और कितनी प्रभावी नीति बनाकर लागू करती हैं।






