साहिबगंज । जीएसएससी-सीजीएल की परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर सिदो-कान्हू मुर्मू दुमका के छात्र समन्वय समिति के बुलाए गए बंद का असर साहिबगंज में भी रहा। महाविद्यालय से निकली छात्र-छात्राओं की टोली ने ढ़ोल-नगाड़ों के साथ शहर में निकल बंद कराया। टमटम स्टैंड, ग्रीन होटल चौक, स्टेशन चौक सहित अन्य जगहों पर बांस-बल्ला लगा कर आवागमन ठप कर दिया। पूर्व छात्र नायक विनोद मुर्मू ने बताया कि जेएसएससी पिछले 8 वर्षों से सीजीएल की परीक्षा ले रही है। हर बार पेपर लीक हो जाता है। 10 वर्षों से तैयारी कर रहे छात्र ठगा महसूस कर रहे हैं।
गरीब मां-बाप एक-एक रुपया जोड़ कर अपने पुत्र या पुत्री को परीक्षा की तैयारी करा रहे हैं। जबकि पेपर लीक कर अमीरों के बच्चों को बेच उन्हें नौकरी दिलाने की साजिश हो रही है। इस परीक्षा को रद्द कर पुनः कदाचार मुक्त परीक्षा कराई जाए। अगर उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो छात्रों का बड़ा आंदोलन होगा। इधर बूंदा बांदी के बीच छात्र सुबह 6 बजे से शाम 5 बजे तक सड़कों पर मौजूद रहे। नगर इंस्पेक्टर अमित कुमार गुप्ता व अन्य सुरक्षा व्यवस्था में लगे थे।


