छात्र के पास से नहीं मिला सुसाइड नोट, इस साल 9 छात्र कर चके हैं खुदकुशी
कानपुर । यूपी के कानपुर में एक छात्र ने खुदकुशी कर ली। छात्र बीते दो सालों से राजस्थान के कोटा में जेईई की तैयारी कर रहा था। रविवार को छात्र ने मुंबई-दिल्ली रेलवे लाइन पर ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी, जबकि छात्र की 2 अप्रैल को लखनऊ में जेईई मेन की परीक्षा थी। छात्र की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सोमवार देर रात छात्र का शव एंबुलेंस से घर लाया गया। कानपुर के पनकी निवासी दीपक मिश्रा कृषि वैज्ञानिक हैं उनके पिता अमरनाथ मिश्रा और मां कांति पनकी के बी ब्लॉक में रहते हैं। अमरनाथ रिटायर प्रवक्ता हैं। दीपक मिश्रा का बेटा उज्जवल दो साल से राजस्थान में जेईई की तैयारी कर रहा था। उज्जवल ने लखनऊ में दो अप्रैल को जेईई मेन की परीक्षा थी। उज्जवल के पिता सोमवार को उसे लेने कोटा गए थे, लेकिन वह कोटा पहुंचे तो उन्हें बेटे के मौत की खबर मिली।
कोटा आरपीएफ थाना प्रभारी के मुताबिक मुंबई-दिल्ली रेल लाइन पर यह घटना घटी है। उज्जवल के पास से किसी तरह का सुसाइड नोट नहीं मिला है। उज्जवल राजीव गांधी नगर स्थित हॉस्टल में रहकर जेईई की कोचिंग कर रहा था। इस साल अब तक कोटा में 9 कोचिंग छात्रों ने आत्महत्या की है। सोमवार देर रात जब उज्जवल का शव एंबुलेंस से उसके घर कानपुर पहुंचा तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।






