नाले के स्लैब पर खड़ी थी भारी भीड़, टूटते ही मची भगदड़..लोग मरते रहे जश्र चलता रहा
-अनुमान से अधिक लोगों के पहुंचने से बिगड़ी स्थिति, भीड़ नियंत्रित करने में पुलिसकर्मी भी घायल
-हादसे के पीछे आयोजकों की लापरवाही और भीड़ नियंत्रण में चूक की आशंका जताई जा रही
बेंगलुरु । आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की शानदार जीत का जश्न बुधवार को एक दुखद हादसे में तब्दील हो गया। कारण, बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाली आरसीबी की विक्ट्री परेड से पहले भगदड़ मच गई। जानकारी के मुताबिक स्टेडियम के बाहर भारी भीड़ के बीच मची भगदड़ में 11 से अधिक लोगों की मौत हो गई है, जिनमें एक महिला शामिल हैं। जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। यह हादसा तब हुआ जब हजारों की भीड़ आरसीबी के 18 साल बाद आईपीएल ट्रॉफी जीतने का जश्न मनाने के लिए स्टेडियम में जाने के लिए उमड़ी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जश्न के दौरान स्टेडियम के बाहर और अंदर अचानक भीड़ बेकाबू हो गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। कई लोग कुचल गए और दर्जनों घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसे के पीछे आयोजकों की लापरवाही और भीड़ नियंत्रण में चूक की आशंका जताई जा रही है। पुलिस प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है।
हजारों की संख्या में आरसीबी फैन्स अपनी टीम को चियर करने और विजेता खिलाडिय़ों की एक झलक पाने के लिए चिन्नास्वामी स्टेडियम पहुंचे थे। इस दौरान भारी भीड़ एक नाले पर डाले गए अस्थायी स्लैब पर खड़ी हो गई। बताया जा रहा है कि स्लैब लोगों का भार नहीं झेल सका और अचानक टूट गया, जिससे भगदड़ मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टूटते स्लैब के साथ कई लोग नीचे गिर गए और भीड़ में कुचल गए। भगदड़ में 7 लोगों की जान चली गई जबकि दर्जनों घायल हो गए। बताया जा रहा है कि हादसे की वजह सिर्फ भीड़ नहीं, बल्कि आयोजन स्थल पर लापरवाही भी मानी जा रही है। दरअसल, घटना के कुछ वीडियो सामने आए हैं, जिनमें फैन्स की बेकाबू भीड़ स्टेडियम के बाहर खड़ी एक कार पर भी चढ़ती नजर आ रही है, जिससे वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। अब इस पूरे मामले पर भीड़ नियंत्रण, आयोजन की तैयारियों और सुरक्षा इंतजामों को लेकर कई गंभीर सवाल उठ रहे हैं। वहीं, प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है और हादसे की विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।
पहले ही जारी की गई थी ट्रैफिक एडवाइजरी
बंगलूरू पुलिस की ओर से पहले ही सलाह दी गई थी कि केवल वैध टिकट या पास रखने वालों को ही स्टेडियम में प्रवेश मिलेगा। साथ ही लोगों को निजी वाहन लाने से बचने और मेट्रो या सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने को कहा गया था, क्योंकि पार्किंग की सुविधा सीमित है। बता दें कि, यह विशेष सम्मान समारोह कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) की तरफ से आयोजित किया गया था।
लोग भीड़ में फंस गए
चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर मौजूद आरसीबी फैन ने कहा कि स्टेडियम के अंदर सीटें भरी हुई हैं, पुलिस हमें अंदर नहीं जाने दे रही। हम वापस जाना चाहते हैं, लेकिन हमें वापस जाने की परमिशन नहीं है। गेट पर लोगों की भीड़ है, अगर वे गेट खोलते भी हैं तो लोग अंदर आना शुरू कर देंगे और बहुत से लोग घायल हो गए हैं। जश्न में डूबे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के प्रशंसकों को कंट्रोल करने में पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। आरसीबी के प्रशंसकों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठियां तक भाजनी पड़ीं।
शुरू में विक्ट्री परेड रद्द होने की कही गई थी बात
यह घटना उस समय हुई जब टीम की जीत का जश्न मनाने के लिए भारी भीड़ जमा हो गई थी। शुरुआत में विक्ट्री परेड रद्द होने की बात कहने के बाद बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि उसने इसकी तैयारी कर ली है। इससे पहले दिन में, सूबे के गृह मंत्री परमेश्वर राव ने कहा था कि 18 साल में पहली बार इंडियन प्रीमियर लीग का खिताब जीतने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पुरुष क्रिकेट टीम के लिए कोई विक्ट्री परेड नहीं होगी।
गर्व होना चाहिए, पर जीवन से बड़ा नहीं
कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने भगदड़ की घटना पर कहा कि मुझे लगता है कि यह नियंत्रण में आने वाली भीड़ नहीं है। मैं बंगलूरू और कर्नाटक के सभी लोगों से माफी मांगता हूं। हम विक्ट्री परेड निकालना चाहते थे, लेकिन भीड़ बेकाबू है। शिवकुमार ने आरसीबी के जश्न के दौरान हुई अफरातफरी पर कहा कि यह युवा जोश से भरी भीड़ थी, हम लाठी का इस्तेमाल नहीं कर सकते। लोग जो आरसीबी की आईपीएल जीत का जश्न देखने वाले थे, उन्हें इस त्रासदी और मौत ने गहरा दुख और सदमा पहुंचाया है। मृतकों और उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। गर्व होना चाहिए, लेकिन जीवन से बड़ा नहीं। मैं सभी से अपील करता हूं कि कृपया सुरक्षित रहें। हमने कार्यक्रम को छोटा कर दिया। कार्यक्रम 10 मिनट में ही खत्म हो गया। हम सब कुछ सामान्य करने की कोशिश कर रहे हैं। लाखों लोग आए जमा हुए थे।
आरसीबी ने पहली बार जीती आईपीएल ट्रॉफी
बता दें कि आईपीएल 2025 के फाइनल मैच में आरसीबी ने पंजाब किंग्स की टीम को 6 रनों से करारी शिकस्त देकर पहली बार खिताब पर अपना कब्जा जमाया। आईपीएल 2025 जीतने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम बुधवार को बेंगलुरु पहुंची, तो एयरपोर्ट के बाहर हजारों फैंस ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। टीम जब मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से मिलने विधान सौध (विधानसभा) की ओर निकली, तो सडक़ के दोनों ओर खड़े फैंस टीम के लिए तालियां और नारे लगा रहे थे। आरसीबी ने मंगलवार को पंजाब किंग्स को 6 रन से हराकर 18 साल बाद पहली बार आईपीएल खिताब जीता। मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद, टीम की विक्ट्री परेड निकालने का आयोजन एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होना था।






