देवघर। पुस्तक मेला के चौथे दिन मकर संक्रांति के अवसर पर मेला परिसर में लोगों में पुस्तकों के प्रति जागरूकता बढ़ी। बच्चों और उनके अभिभावकों ने यहां पुस्तकों के साथ-साथ फूड क्राफ्ट, केक, चाय और लिट्टी चोखा का भी आनंद लिया। सुबह का सत्र योग और अध्यात्म से जुड़ा था, जिसे आर्ट ऑफ लिविंग के निशांत ने संबोधित किया। इस सत्र में मकर संक्रांति से जुड़े तथ्य भी साझा किए गए। इसके बाद स्कूल के बच्चों ने स्टोरीटेलिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लिया, जिसमें प्रथम पुरस्कार खुशी झा और वेंकटेश श्री को मिला, जबकि दूसरा पुरस्कार साक्षी भारद्वाज और तृतीय पुरस्कार रुचि कुमारी को मिला। युवाओं के लिए यूथ पार्लियामेंट का दूसरा सत्र हुआ, जिसमें टैक्स पर चर्चा की गई।
विपक्ष ने डायरेक्ट और इनडायरेक्ट टैक्स के बढ़ते बोझ पर सवाल उठाए, जिसका जवाब सत्ता पक्ष ने दिया। स्लोगन प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया, जिसमें संदीप कुमार को पहला, खुशी झा को दूसरा और अंकेश गौतम को तीसरा पुरस्कार मिला। युवा कवि सम्मेलन में स्थानीय और बाहर से आए कवियों ने अपनी रचनाओं का पाठ किया। कवियों की प्रस्तुति ने दर्शकों का दिल छुआ। शुभम राय, शुभांगिनी झा, चंदन प्रजापति, अंकिता सिन्हा, रवि कुमार गुप्ता, रंजन कुमार बर्नवाल और अन्य कवियों ने अपनी कविताओं से मेला को रंगीन किया।मेला में उपस्थित प्रकाशकों ने विभिन्न किताबों की प्रदर्शनी लगाई। रोहित प्रकाशन, नेशनल बुक इंटरप्राइजेज, अग्रवाल ग्रुप ऑफ पब्लिकेशन, एस चांद पब्लिशिंग, कामरूप बुक डिस्ट्रीब्यूटर्स और लक्की इंटरनेशनल पब्लिशर्स सहित कई प्रकाशकों ने शिक्षा, साहित्य और प्रतियोगिता से जुड़ी किताबों को प्रदर्शित किया।


