रांची । झारखंड विधानसभा का 26वां स्थापना दिवस आगामी 22 नवंबर को मनाया जाएगा। इस मौके पर होनेवाले समारोह को लेकर स्पीकर रबीन्द्रनाथ महतो ने गुरुवार को उच्चस्तरीय बैठक की। स्पीकर कक्ष में आयोजित इस बैठक में मुख्य सचिव के अलावे राज्य सरकार के कई आला अधिकारी मौजूद रहे। इस बैठक में 22 नवंबर को सुबह 11:30 बजे झारखंड विधानसभा परिसर में आयोजित होनेवाले स्थापना दिवस समारोह के बारे में विस्तार से चर्चा हुई। स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार की ओर से कार्यक्रम का उद्घाटन किया जाएगा। वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कार्यक्रम के मुख्य तिथि होंगे।

इस अवसर पर विधायी उत्कृष्टता चयन समिति द्वारा चयनित सदस्य को बिरसा मुण्डा उत्कृष्ट विधायक सम्मान, उत्कृष्ट विधान सभा कर्मियों को स्व० कपिलेश्वर प्रसाद पुरस्कार से सम्मानित किया जायेगा। स्पीकर रबीन्द्रनाथ महतो ने बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि इस मौके पर पूर्व सदस्यों का सम्मान, खिलाड़ियों का सम्मान, एवं अन्य कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस कार्यक्रम के दौरान त्रैमासिक पत्रिका ‘उड़ान’ (104वां अंक) एवं अन्य पुस्तक का विमोचन-लोकार्पण भी होगा।
स्पीकर रबीन्द्रनाथ महतो की अध्यक्षता में आयोजित इस उच्चस्तरीय बैठक में स्थापना दिवस को लेकर निर्देश दिए गए। स्थापना दिवस समारोह में, आवासन, सुरक्षा तथा यातायात से संबंधित निर्देश स्पीकर के द्वारा विभागीय पदाधिकारियों को दिए गए। साथ ही आगामी 25 एवं 26 नवंबर को आहूत विशेष सत्र के सुचारू संचालन के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस बैठक में मुख्य सचिव के अलावा विधानसभा के प्रभारी सचिव, अपर मुख्य सचिव, पुलिस निरीक्षक मुख्यालय, उपायुक्त, वरीय आरक्षी अधीक्षक, नगर आयुक्त तथा संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।





