देवघर में भाजपा कार्यालय का भव्य उद्घाटन, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने किया लोकार्पण
24 सांगठनिक जिलों के कार्यकर्ता हुए शामिल
गुमला जिला कार्यालय का भी देवघर से हुआ ऑनलाइन उद्घाटन
देवघर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को देवघर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय राजनीति में विचारधारा के आधार पर दृढ़ता से काम करने वाली पार्टी केवल बीजेपी है। उन्होंने कहा कि देश की अन्य पार्टियां वंशवाद, अवसरवाद और परिवारवाद की सीमाओं में बंधी हुई हैं, जबकि बीजेपी राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए विचार के साथ खड़ी रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने अपने मूल सिद्धांतों से कभी विचलन नहीं किया और संघर्ष के बल पर देश में कई ऐतिहासिक निर्णय लागू किए गए।
जेपी नड्डा ने कहा कि जनसंघ के प्रथम अध्यक्ष श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने वर्ष 1952 में एक देश, एक निशान, एक प्रधान का नारा दिया था। यह केवल घोषणापत्र नहीं बल्कि राष्ट्र के संकल्प की भावना थी, जिसे पूरा करने में तीन पीढ़ियों का संघर्ष लगा। उन्होंने कहा कि वर्षों तक बहस, विरोध और चुनौतियों के बीच संघर्ष जारी रहा, अंततः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में अनुच्छेद 370 को हटाकर भारत की अखंडता को मजबूत किया गया। यह केवल राजनीतिक निर्णय नहीं बल्कि विचारधारित आंदोलन की ऐतिहासिक विजय है। राम मंदिर निर्माण पर उन्होंने कहा कि वर्ष 1989 की कार्यकारिणी बैठक में मंदिर निर्माण का निर्णय लिया गया था। उस समय भी इस पर व्यंग्य किए गए, आलोचनाएँ हुईं, लेकिन बीजेपी पीछे नहीं हटी। वर्षों तक न्यायिक लड़ाई, जनआंदोलन और संत-समाज की साधनाओं के बाद अयोध्या में राम मंदिर निर्माण संभव हुआ। 2024 में भव्य मंदिर राष्ट्र की आस्था और सनातनी संस्कृति के गौरव का प्रतीक बनकर स्थापित हुआ। उन्होंने कहा कि मतभेदों और दुष्प्रचार के बावजूद बीजेपी ने विश्वास नहीं खोया और लक्ष्य की दिशा में अडिग रही।

ट्रिपल तलाक के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यह प्रथा कई मुस्लिम देशों में भी समाप्त हो चुकी थी, लेकिन भारत में किसी ने इसे समाप्त करने का साहस नहीं दिखाया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने यह निर्णय लेकर मुस्लिम माताओं-बहनों को वास्तविक स्वाधीनता दी। नड्डा ने कहा कि बीजेपी केवल सत्ता प्राप्ति की राजनीति नहीं करती, बल्कि सामाजिक न्याय, समान अवसर और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए काम करती है। देश में संगठन शक्ति की चर्चा करते हुए नड्डा ने बताया कि आज बीजेपी विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। पार्टी के पास 240 लोकसभा सांसद, 103 राज्यसभा सांसद और 1654 विधायक हैं। हजारों पंचायत प्रतिनिधि, महापौर, जिला परिषद सदस्य व विभिन्न निकायों में निर्वाचित प्रतिनिधि संगठन की जड़ें मजबूत बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में एनडीए 20 राज्यों में सत्ता में है और जल्द ही झारखंड में भी कमल खिलेगा। उन्होंने कहा कि चुनाव केवल बूथ कार्यकर्ता की दृढ़ प्रतिबद्धता पर टिके होते हैं और बीजेपी बूथ स्तर तक मजबूत संगठन बनाकर काम कर रही है।
देवघर आगमन से पूर्व उन्होंने बाबा बैद्यनाथ धाम में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की, जलाभिषेक कर देश और राज्य की शांति, समृद्धि तथा जनकल्याण की कामना की। इसके बाद उन्होंने नवनिर्मित जिला भाजपा कार्यालय भवन का उद्घाटन किया और प्रदेश कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लिया। मंच से कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए उन्होंने कहा कि आने वाला समय संगठन विस्तार का होगा और प्रत्येक कार्यकर्ता को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच बनानी होगी। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, गोड्डा सांसद डॉक्टर निशिकांत दुबे, धनबाद सांसद ढुल्लू महतो, धनबाद विधायक राज सिंहा, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, चम्पई सोरेन, मधु कोड़ा,पूर्व सांसद गीता कोड़ा, कोडरमा के विधायक नीरा यादव,संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह, जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर, सारठ पूर्व विधायक रणधीर कुमार सिंह,पूर्व विधायक नारायण दास,देवघर जिला अध्यक्ष सचिन रवानी सहित बड़ी संख्या में नेता व हजारों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभा स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही और प्रशासन द्वारा पूरी तैयारी सुनिश्चित की गई।
प्रदेश अध्यक्ष एवम नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड की स्थिति हेमंत सरकार ने भयावह बना दिया है।कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है।चोरी लूट बलात्कार फिरौती की घटनाएं आम हो चुकी है। राज्य में अमन चैन के बिना प्रगति असंभव है।
कहा कि पुलिस सुरक्षा नहीं दे रही हेमंत सरकार ने पुलिस को वसूली में लगा दिया है।युवा महिला किसान सभी की हालत खराब है।किसान औने पौने दाम पर धान बेचने को मजबूर हैं।
कहा कि भाजपा ऐसे हालात में राज्य को नहीं देख सकती।भाजपा झारखंड के सर्वांगीण विकास केलिए प्रतिबद्ध है।
कार्यकारी अध्यक्ष सांसद आदित्य साहू ने कहा कि मोदी सरकार गांव गरीब किसान ,दलित,वंचित के विकास केलिए समर्पित है। पिछले 11 वर्षों में देश का गरीब विकास की मुख्यधारा से जुड़ा है।
पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि 6दिसंबर का दिन भारत के इतिहास में शौर्य दिवस है। भारत की जनता ने राम मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भव्य मंदिर निर्माण का सपना पूरा हुआ।
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत ,आत्म निर्भर भारत के संकल्प को सिद्धि में बदलना है।
पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने कहा कि झारखंड में सरकार नाम की कोई चीज नहीं। राज्य की डेमोग्राफी घुसौसीठियों से बदल रही।
कहा कि भाजपा ही आदिवासी समाज का विकास करती है। अटल जी ने अलग राज्य दिया,अलग जनजाति मंत्रालय बनाया,संथाली को आठवीं अनुसूची में शामिल किया।
पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि पार्टी की जन जन के बीच लेकर जाना है विकसित झारखंड बनाना है।
सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की ताकत हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। कार्यालय कार्यकर्ताओं का प्रेरणा स्थल है।
सभा को पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पी एन सिंह, यदुनाथ पांडेय,अभयकांत प्रसाद , डॉ रविंद्र कुमार राय सहित विधायक देवेंद्र कुंवर,रणधीर सिंह,नारायण दास, ढुल्लू महतो ,आदि ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम का संचालन बालमुकुंद सहाय ने धन्यवाद ज्ञापन जिला अध्यक्ष सचिन रवानी ने किया।



