विरोधी पक्ष के लोगों ने बिना कुछ सोचे समझे घर की महिलाओं को आगे कर जितलाल राय को जमकर धुना
महिलाओं ने जितलाल राय को पोल से बांधकर लगाया बलात्कार करने का प्रयास करने का आरोप
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रामगढ़ दुमका मार्ग को किया तीन घंटे तक जाम
रामगढ़ : शनिवार को जमीन विवाद सुलझाने रामगढ़ बाजार पहुंचे सामाजिक राजनीतिक कार्यकर्ता जितलाल राय को भारी पड़ गया। विरोधी पक्ष के लोगों ने बिना कुछ सोचे समझे घर की महिलाओं को आगे कर जितलाल राय की पिटाई कर दी। इतने से भी जब उनका मन नहीं भरा तो महिलाओं ने जितलाल राय पर बलात्कार का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए उन्हें पोल से बांध दिया तथा वीडियो बनाकर वायरल भी कर दिया। वीडियो में महिलाओं द्वारा बलात्कार के जुड़े मामले में फंसा देने की बात भी सुनाई दे रही है। जितलाल राय के साथ अभद्र व्यवहार करने से नाराज़ रामगढ़ बाजार के लोगों ने उनके समर्थन में बाजार बंद कर दिया वहीं जिला परिषद सदस्या अनिता देवी के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रामगढ़ दुमका मार्ग को लोगों ने जाम कर दिया। करीब 3 घंटे के बाद अंचलाधिकारी प्रदीप महतो तथा थाना प्रभारी शशिकांत साहू के द्वारा आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करने एवं गिरफ्तार करने के आश्वासन के बाद जाम हटा लिया गया। बता दें की रामगढ़ बाजार का रहने वाले राघव राय तथा अशोक अग्रवाल के बीच शनिवार को जमीन विवाद हुआ था। राघव राय के पूर्वजों से अशोक अग्रवाल ने जमीन दान में लिया था उक्त जमीन पर अशोक अग्रवाल के द्वारा चारदीवारी एवं दो कमरों का निर्माण कर अशोक अग्रवाल उक्त मकान में बसोवास भी कर रहे हैं। शनिवार की सुबह राघव राय अपने पूरे परिवार के सहित अशोक अग्रवाल के घर में यह कर कब्जा करने का प्रयास करने लगा कि यह जमीन मेरे बाप, दादा की है तुम यहां से भागो डरे सहमे अशोक अग्रवाल द्वारा मामले की जानकारी रामगढ़ थाना पुलिस को दिए जाने के बाद रामगढ़ थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दोनों पक्ष को अपना कागज लेकर थाना आने को कह कर वहां से वापस लौट गयी। पुलिस के घटना स्थल से निकलते ही महिलाओं ने जितलाल राय के साथ मारपीट करना शुरू कर दिया। फिर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर जितलाल राय को मुक्त करा कर थाना लाया। इस घटना से आक्रोषित लोगों ने राघव राय के घर के बाहर खड़ी बाइक को क्षतिग्रस्त कर दिया है। उसी पक्ष की एक युवती का भगदड़ में गिरने से हाथ भी टूट गया है। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए युवती को दुमका रेफर किया गया है। बता दें कि राघव राय अपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है पूर्व से भी रामगढ़ सहित कई थाना में राघव के खिलाफ लूट, हत्या, आर्म्स एक्ट वाहन चोरी जैसे मामले दर्ज हैं। अभी हाल ही में वह जमानत पर जेल से छूट कर आया है। बाहर आते ही राघव ने लोगों से हफ्ता वसूली शुरू कर दिया है। पैसे नहीं देने पर लोगों को जान मार देने की धमकी भी दे रहा है। शनिवार को ऐसे कई लोगों ने अपनी आपबीती थाना प्रभारी को सुनाया है। अब देखना होगा पुलिस राघव पर नकेल कसने में कामयाब होती है या रामगढ़ बाजार के लोगों को आतंक के साये में ही रहना होगा। थाना प्रभारी शशिकांत साहू ने बताया कि दोनों पक्ष से मामले को लेकर आवेदन दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर कार्रवाई करेगी।


