●झामुमो में शामिल होने के बाद से ही डॉ.लुईस को बताया जा रहा है जामा से संभावित प्रत्याशी
●झामुमो के प्रत्याशियों की तीन सूची जारी होने के बाद भी जामा सीट पर संशय कायम
संवाददाता

दुमका। झारखंड विधान सभा चुनाव के लिए झामुमो अपने प्रत्याशियों की तीन सूची जारी कर 41प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर चुकी है।अभी तक जामा सीट के लिए प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं हुई है।इससे उहापोह की स्थिति बन गई है।डॉ.लुईस मरांडी के झामुमो में शामिल होने के बाद से ही यह कयास लगाया जा रहा है कि उन्हें जामा से झामुमो का टिकट मिलेगा।पर प्रत्याशियों की तीन सूची जारी होने के बाद भी जामा के लिए किसी प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं हुई है।जबकि अधिकांश सीटों पर गुरुवार को झामुमो के घोषित प्रत्याशियों ने नामांकन का पर्चा भर दिया।झामुमो से टिकट की आस में डॉ.लुईस मरांडी ने जामा से नाजिर रशीद भी कटवा चुकी हैं।भाजपा से टिकट कटने और झामुमो में शामिल होने के बाद से ही डॉ.लुईस मरांडी रांची में जमी हुई हैं।इधर जामा विधानसभा क्षेत्र के झामुमो कार्यकर्ता डॉ लुईस को टिकट दिए जाने का जामा से रांची तक विरोध कर रहे हैं।कार्यकर्ताओं की मांग है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वयं या सोरेन परिवार का कोई सदस्य जामा से चुनाव लड़े या फिर पार्टी के समर्पित स्थानीय झामुमो कार्यकर्ता को मौका दिया जाए।यह भी चर्चा है कि सीता सोरेन की बेटी जयश्री सोरेन जामा से झामुमो का टिकट लेने का प्रयास कर रही हैं।जयश्री सोरेन के पिता दुर्गा सोरेन दो टर्म और मां सीता सोरेन तीन टर्म जामा से झामुमो विधायक रह चुकी हैं।बहरहाल जामा सीट पर जब तक प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं हो जाती तब तक उहापोह की स्थिति बनी रहेगी।





