गोड्डा : बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमलों और उत्पीड़न के खिलाफ बुधवार को सर्व सनातन समाज की ओर से आक्रोश रैली का आयोजन किया गया। उक्त रैली भतडीहा दुर्गा माता मंदिर से निकालकर सरकंडा चौक से मुख्य मार्ग होते हुए शहीद स्तंभ गोड्डा पहुंची और धरना में तब्दील हो गई। वहीं बताया गया कि यह आक्रोश रैली और धरना प्रदर्शन किसी राजनीतिक दल का कार्यक्रम नहीं है। इस कार्यक्रम में सर्व सनातन समाज अपने पीड़ित बांग्लादेशी हिंदू भाई बहनों और अन्य अल्पसंख्यकों के प्रति अपनी संवेदनाएं और आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं। वहीं बताया गया कि बांग्लादेश भारत विभाजन की त्रासदी के बाद बनाया गया एक देश है, इसमें कभी 22 प्रतिशत हिंदू रहा करते थे आज उनकी आबादी घटकर महज 8 प्रतिशत हो गई है। यदि ऐसा ही होता रहा तो 2050 तक बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की आबादी शून्य हो जाएगी। कहा कि आखिर उनका अपराध क्या था कि वह अखंड भारत में पैदा हुए थे जो सत्ता के सौदागरों के विभाजन का दंश झेल रहे हैं। वहीं कार्यक्रम के दौरान सर्व समातन समाज के संयोजक प्रलय कुमार सिंह ने बताया कि रैली के पश्चात शहीद स्तंभ पर धरना प्रदर्शन और सभा होगी उसके पश्चात राष्ट्रपति के नाम संबोधन में अपने बांग्लादेशी हिंदू भाई बहनों के हितार्थ कदम उठाने के लिए गोड्डा उपायुक्त के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को ज्ञापन दिया जाएगा। हाल के महीनों में जमायते इस्लामी कट्टरपंथियों द्वारा हिंदुओं के आस्था, उनके पूजा स्थलों उनके नागरिक अधिकारों का हनन हो रहा है।



